मनन विद्या स्कूल में एनसीसी के 10 दिवसीय प्रांतीय शिविर का समापन, ​526 कैडेटों को मिला अनुशासन और देशसेवा का पाठ

Education

Eksandeshlive Desk

मेसरा (रांची) : मनन विद्या मनरखन महतो स्कूल परिसर में पिछले दस दिनों से चल रहा एनसीसी का विशेष प्रशिक्षण शिविर सोमवार को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हो गया। 3 झारखंड बटालियन एनसीसी, रांची द्वारा आयोजित इस शिविर में राज्य के 526 कैडेटों ने हिस्सा लिया। 16 मई से शुरू हुए इस कैंप में कैडेटों को अनुशासन, शारीरिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर कड़ा प्रशिक्षण दिया गया। ​शिविर के समापन के अवसर पर कैडेटों ने अपनी कला और प्रतिभा का शानदार मुजाहिरा किया। देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों, सामूहिक नृत्य और नाटकों के जरिए कैडेटों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमआरएम एजुकेशनल ट्रस्ट के चेयरमैन मनरखन महतो ने कैडेटों की हौसलाअफजाई करते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं के चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा की भावना को निखारने का सबसे सशक्त माध्यम है। ​

इस पूरे शिविर का संचालन कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संतोष कुमार, एडम ऑफिसर कर्नल सुदीप सिन्हा, सूबेदार मेजर कृष्ण देव सिंह तथा बीएचएम हवलदार अजय कुमार के कुशल नेतृत्व में किया गया। ​शिविर की मुख्य विशेषताएं: कैडेटों को रोजाना परेड, ड्रिल, योग और व्यक्तित्व विकास की ट्रेनिंग दी गई। इसी कैंप के दौरान प्रतिष्ठित थल सेना कैंप और नई दिल्ली में होने वाली आरडीसी (गणतंत्र दिवस) परेड के लिए भी होनहार कैडेटों के चयन की प्रक्रिया पूरी की गई। ​शिविर के सफल आयोजन पर विद्यालय प्रबंधन व एनसीसी अधिकारी रौनक कुमार ने बटालियन के जेसीओ, एनसीओ, पीआई स्टाफ, जीसीआई और एएनओ के प्रति आभार व्यक्त किया। ​इस ऐतिहासिक मौके पर स्कूल की गरिमा बढ़ाते हुए अध्यक्षा उर्मिला देवी, ट्रस्टी वीरेन्द्रनाथ ओहदार, खुशबू सिंह, कृति काजल, डायरेक्टर मनोज कुमार महतो, प्राचार्या रेखा नायडू, प्रबंधक मुकेश कुमार और एडमिनिस्ट्रेटर मीना कुमारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने देश के इन भावी रक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Spread the love