By Mustaffa
पीएम श्री स्कूल पिस्का में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान,बच्चों को दी मोबाइल की लत और कुपोषण से बचने की सलाह
मेसरा (रांची): सामुदायिक स्वास्थ्य के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए मनरखन महतो नर्सिंग कॉलेज (बीआईटी मोड़ केदल) द्वारा पिस्का स्थित पीएम श्री अपग्रेडेड हाई स्कूल में एक दिवसीय स्कूल स्वास्थ्य कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कॉलेज के प्राचार्यों व शिक्षकों के मार्गदर्शन में जीएनएम तृतीय वर्ष और बीएससी नर्सिंग पंचम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने इस पूरे अभियान की कमान संभाली। शिविर में कक्षा 1 से 10 तक के बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता,दांतों की सफाई और सही तरीके से हाथ धोने के स्टेप्स सिखाए गए। वहीं,कक्षा 6 से 10 तक की छात्राओं के लिए विशेष सत्र आयोजित कर मासिक धर्म स्वच्छता,सैनिटरी उत्पादों के सुरक्षित उपयोग और प्रजनन स्वास्थ्य पर महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। बदलते दौर की समस्याओं को देखते हुए नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने बच्चों और अभिभावकों को दो मुख्य विषयों पर जागरूक किया,कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन के महत्व को समझाया गया। साथ ही,बच्चों का हाइट एंड वेट असेसमेंट (ऊंचाई और वजन का माप) कर उनके पोषण स्तर की जांच की गई। बच्चों में बढ़ती मोबाइल की लत पर चिंता जताते हुए इसके नुकसान बताए गए और डिजिटल उपकरणों के संतुलित उपयोग की सलाह दी गई। कार्यक्रम के अंत में बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए कॉलेज की ओर से मिठाई,पेन और पेंसिल बांटी गई। स्कूल के प्रधानाध्यापक व शिक्षकों ने इस मुहिम में पूरा सहयोग दिया। यह पूरा अभियान नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य चित्रवेल वी,उप-प्राचार्य रेखा वी,सहायक प्राध्यापक सुनील कुमार और नर्सिंग ट्यूटर रूबी कुमारी के कुशल समन्वय में संपन्न हुआ।
