DEVANAND PASWAN
पुटकी/धनबाद: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के पश्चिमी झरिया क्षेत्र स्थित मुनिडीह कोल वाशरी में शनिवार को एक भीषण हादसा हो गया। स्लरी लोडिंग के दौरान अचानक स्लरी धंसने से चार ठेका मजदूरों की दबकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला मजदूर घायल हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, कोयला डस्ट को ट्रकों में लोड करने का कार्य चल रहा था। कुल सात मजदूर दो ट्रकों पर लोडिंग कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ऊपर से भारी मात्रा में स्लरी का मलबा गिर पड़ा, जिससे चार मजदूर उसकी चपेट में आकर दब गए। अन्य मजदूर किसी तरह जान बचाकर निकलने में सफल रहे।
मृतकों की पहचान दिनेश बाउरी व मानिक बाउरी (गोपीनाथडीह पंचायत) तथा मोइरा गौप व दीपक बाउरी (कपुरिया) के रूप में हुई है। वहीं सुनीता देवी नामक महिला मजदूर इस घटना में घायल हो गईं, जिनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही BCCL प्रबंधन, प्रशासन एवं CISF की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की सहायता से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शवों को बाहर निकाला गया। पुटकी थाना और मुनिडीह ओपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
इधर, घटना के बाद मृतकों के परिजनों व स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोग मुआवजा, आश्रितों को नौकरी तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर मुनिडीह परियोजना के मुख्य द्वार पर जुटे हुए हैं। मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद हैं और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। इस हादसे ने एक बार फिर कोयला क्षेत्र में सुरक्षा मानकों और ठेका मजदूरों की कार्य परिस्थितियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
