नाइजीरिया की मारिया वोफिल को मिला ‘वुमन ऑफ द ईयर’ पुरस्कार

Sports

एथलेटिक्स में लैंगिक समानता और महिलाओं को नेतृत्व के अवसर देने के लिए सम्मानित

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: नाइजीरिया की मारिया वोफिल को 2026 का विश्व एथलेटिक्स ‘वुमन ऑफ द ईयर’ पुरस्कार प्रदान किया गया है। उन्हें एथलेटिक्स में लैंगिक समानता को आगे बढ़ाने और महिलाओं तथा लड़कियों के लिए अवसर तैयार करने के प्रति लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया है। विश्व एथलेटिक्स ने शनिवार को उक्त जानकारी दी। खेल प्रशासन के क्षेत्र में अनुभवी वोफिल ने कई दशकों से खेल नेतृत्व में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए काम किया है। उन्होंने महिलाओं और लड़कियों की खेलों में भागीदारी को प्रोत्साहित करने तथा महिला खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रशासकों की नई पीढ़ी तैयार करने से जुड़ी पहलों का समर्थन किया है।

वोफिल 2005 से 2013 तक नाइजीरिया एथलेटिक्स महासंघ की महासचिव रही हैं। उन्होंने नाइजीरिया के संघीय युवा एवं खेल विकास मंत्रालय में भी वरिष्ठ पदों पर काम किया है। इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल संगठनों में कई नेतृत्वकारी जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने नाइजीरिया के खेल महासंघों के संचालन मंडलों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने की पुरजोर पैरवी की। उनके प्रयासों से देश के राष्ट्रीय खेल महासंघों में महिलाओं के लिए अतिरिक्त स्थानों को मंजूरी देने की पहल को समर्थन मिला। अफ्रीकी महाद्वीप के स्तर पर भी वोफिल ने 2024 में अफ्रीकी एथलेटिक्स परिसंघ की लैंगिक नेतृत्व कार्यबल के गठन की पहल की। उन्होंने पूरे अफ्रीका में लैंगिक नेतृत्व से जुड़े सेमिनारों के आयोजन में भी सहयोग किया। महिला प्रशिक्षकों और खेल प्रशासकों को मार्गदर्शन देने के साथ उन्होंने महिला खेल नेतृत्व अकादमी (विश) कार्यक्रम के तहत भी योगदान दिया है। जमीनी स्तर पर उनके प्रयासों में अबुजा संघीय राजधानी क्षेत्र में लड़कियों के लिए स्प्रिंट और रिले प्रतियोगिता शुरू करना शामिल है। इस पहल का उद्देश्य जूनियर और सीनियर माध्यमिक विद्यालयों की छात्राओं को एथलेटिक्स में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।

पुरस्कार मिलने पर वोफिल ने कहा, “यह वर्ष मेरे लिए वास्तव में विनम्रता का अनुभव कराने वाला रहा है और मैंने जो काम किया है, उसके लिए सम्मानित किए जाने पर मुझे बहुत गर्व है। मैं विश्व एथलेटिक्स के नेतृत्व के प्रति विशेष रूप से आभार व्यक्त करना चाहती हूं, जिन्होंने खेल की ईमानदारी और उसके विकास के प्रति निरंतर समर्पण पर विशेष ध्यान दिया है।” उन्होंने कहा, “मैं अफ्रीकी एथलेटिक्स परिसंघ, नाइजीरियाई ओलंपिक समिति, राष्ट्रीय खेल आयोग, नाइजीरिया एथलेटिक्स महासंघ और नाइजीरिया की पूर्व महिला खिलाड़ियों के संघ के प्रति भी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करती हूं, जिन्होंने मुझे सेवा करने का अवसर दिया।” वोफिल ने कहा, “इस पुरस्कार ने मुझे एथलेटिक्स में अपनी सभी जिम्मेदारियों को पूरी क्षमता से निभाते रहने के लिए नई ऊर्जा दी है। इसमें विशेष रूप से लैंगिक नेतृत्व, युवा खिलाड़ियों की सुरक्षा और खेल में मार्गदर्शन देने पर मेरा ध्यान रहेगा।” विश्व एथलेटिक्स के अध्यक्ष सेबेस्टियन को ने कहा, “मारिया ने अपने करियर का बड़ा हिस्सा एथलेटिक्स में महिलाओं और लड़कियों के लिए अधिक अवसर तैयार करने में समर्पित किया है। खेल नेतृत्व में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और दूसरों को मार्गदर्शन तथा सहयोग देने के उनके काम ने हमारे खेल में स्थायी योगदान दिया है। वह इस पुरस्कार की पूरी तरह हकदार हैं।”

वोफिल 2010 से 2018 तक विश्व एथलेटिक्स की महिला समिति की सदस्य भी रही हैं। वह खेल प्रशासन में महिलाओं के लिए अवसर बढ़ाने के प्रयासों में अब भी सक्रिय हैं। ‘वुमन ऑफ द ईयर’ पुरस्कार एथलेटिक्स में लैंगिक समानता को आगे बढ़ाने, नेतृत्व, पैरवी और महिलाओं तथा लड़कियों के लिए अधिक अवसर तैयार करने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को दिया जाता है। यह पुरस्कार विश्व एथलेटिक्स पुरस्कार 2026 के तहत प्रदान किया गया है। विश्व एथलीट ऑफ द ईयर, राइजिंग स्टार और मोमेंट ऑफ द ईयर पुरस्कारों की घोषणा रविवार, 29 नवंबर को की जाएगी।

Spread the love