नेपाल के डोल्पा में भारी बर्फबारी, 6 भारतीय पर्यटक लापता

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

काठमांडू: नेपाल के डोल्पा जिले में भारी बर्फबारी के बीच शे-फोक्सुंडो झील की ओर जा रहे छह भारतीय पर्यटक लापता हो गए हैं। लापता पर्यटकों में दो महिला और चार पुरुष शामिल हैं। नुमला पास और बगला पास के इलाके में उनसे संपर्क टूट गया। ये दोनों दर्रे शे-फोक्सुंडो के वार्ड नंबर 4 और 8 के बीच स्थित हैं। डोल्पा की मुख्य जिला अधिकारी जुनु हमाल ने बताया कि पर्यटक धो से फोक्सुंडो झील की ओर लौट रहे थे, तभी वे बर्फ में फंस गए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने उन्हें पहाड़ पार करने में होने वाली कठिनाइयों के बारे में आगाह किया था, लेकिन वे आगे बढ़ गए और अब उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। शे-फोक्सुंडो गांवपालिका के अध्यक्ष धावा साम्दुक गुरूग के अनुसार, वार्ड नंबर 4 और 8 के बीच स्थित दर्रों में मोबाइल नेटवर्क बिल्कुल नहीं है। संचार सुविधा नहीं होने के कारण पर्यटकों की स्थिति के बारे में जानकारी जुटाना मुश्किल हो रहा है। डोल्पा के पुलिस उपाधीक्षक अनिल राज गिरी ने बताया कि इन पर्यटकों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि तलाश और बचाव अभियान के लिए संबंधित निकायों से हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है। मुख्य जिला अधिकारी हमाल ने बताया कि लापता पर्यटकों का पता लगाने और उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए नेपाली सेना की एक टीम भी तैनात की गई है।

चक्रवात अर्नब पड़ा कमजोर, नेपाल में मौसम धीरे-धीरे हो रहा सामान्य: पश्चिमी नेपाल के आसपास स्थित कम दबाव वाले क्षेत्र का प्रभाव कमजोर पड़ रहा है। यह क्षेत्र चक्रवात अर्नब का अवशेष है। इसके प्रभाव में कमी आने के साथ ही मौसम में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। मौसम पूर्वानुमान महाशाखा के अनुसार, फिलहाल लुम्बिनी प्रदेश सहित देश के पहाड़ी और हिमालयी क्षेत्रों में आमतौर पर बादल छाए हुए हैं, जबकि देश के बाकी हिस्सों में आंशिक रूप से बादल लगे हैं। बागमती, गंडकी, लुम्बिनी और कर्णाली प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो रही है। महाशाखा के मुताबिक, आज दोपहर देशभर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हिमालयी और पहाड़ी क्षेत्रों के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। रविवार रात भी देशभर में मौसम आंशिक रूप से बादलयुक्त रहेगा। गंडकी, कर्णाली और सुदूरपश्चिम प्रदेश के हिमालयी और पहाड़ी क्षेत्रों के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

Spread the love