निकोटिन व तंबाकूयुक्त पानमसाला के खिलाफ चला विशेष सघन छापामारी अभियान

360° Ek Sandesh Live

By Nutan
लोहरदगा: स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा व परिवार कल्याण विभाग के आदेशानुसार व लोहरदगा डीसी के निर्देश पर बुधवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोईन अख्तर के नेतृत्व में निकोटिन व तंबाकूयुक्त पानमसाला के खिलाफ एक विशेष सघन छापामारी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान शहर के विभिन्न किराना दुकानों, थोक व खुदरा व्यापारियों, जेनरल स्टोरों तथा विभिन्न एजेसियों आदि का निरीक्षण किया गया। इस क्रम में मेसर्स प्रिंस स्टोर से सिगनेचर पान-मसाला व विमल पानमसाला, मेसर्स संजु स्टोर से कमला पसंद पान मसाला तथा कुछ अन्य प्रतिष्ठानों से चुटकी फुल फन माउथ फ्रेशनर आदि का वैधानिक नमूना संग्रह किया गया। इन नमूनों में निकोटिन की उपस्थिति की जांच के लिए एफएसएसएआई के संचालित राष्ट्रीय खाद्य प्रयोगशाला (एनएफएल) कोलकाता भेजा जा रहा है। निरीक्षण के क्रम में न्यू रोड स्थित मेसर्स पतंजली आरोग्य केंद्र से बेसन का नमूना, मेसर्स राजेश कुमार अग्रवाल किराना दुकान, मिशन चौक से चॉकलेट व दलिया का नमूना तथा मेसर्स प्रिशा ट्रेडर्स से फुड कलर तथा मिक्स अचार का वैधानिक नमूना संग्रह किया गया। इन सारे संग्रहित नमूनों को नामकुम रांची स्थित राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जायेगा। अग्रेतर कार्रवाई खाद्य विश्लेषक के प्रेषित जांच प्रतिवेदन के आधार पर खाद्य सुरक्षा व मानक अधिनिमय 2006 के तहत किया जाएगा। टीम में दुकानों की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवता, पैकेजिंग, एक्सपायरी तिथि की जांच की गयी। कई दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी गयी। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया की इस प्रकार का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा व जन स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नही किया जायेगा। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक कर्मी रजनीश कुमार मौके पर मौजूद थे।

Spread the love