NEWS BY MUSTAFFA
विकास इंस्टीच्यूट ऑफ नर्सिंग में विश्व नर्सेज दिवस पर लैंपलाइटिंग और शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन
मेसरा(रांची): सेवा जब शीर्ष पर पहुँचती है,तो वह नर्सिंग का रूप ले लेती है। इसी सेवा भाव और समर्पण को आत्मसात करते हुए विकास सेवा निकेतन द्वारा संचालित विकास इंस्टीच्यूट ऑफ नर्सिंग,नेवरी विकास में मंगलवार को विश्व नर्सेज दिवस के अवसर पर लैंपलाइटिंग सह शपथ ग्रहण समारोह का हर्षोल्लास के साथ आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रांची के सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा,नर्स शब्द जितना सरल है,इसका उत्तरदायित्व उतना ही विशाल है। नि:स्वार्थ भाव से की गई सेवा के बाद जो आनंद मिलता है,वह दुनिया में और कहीं नहीं। नर्सिंग के क्षेत्र में कदम रखने वाली छात्राओं के मन में सदैव मानव सेवा की भावना होनी चाहिए। समारोह में संस्थान के निदेशक राधा चरण सिंह,विकास सेवा निकेतन के अध्यक्ष राम लखन मेहता,कोषाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह,वरिष्ठ सदस्य सत्येंद्र सिंह और प्रभुनाथ सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि की उपस्थिति में नर्सिंग छात्राओं ने अपने कर्तव्यों के प्रति पूर्ण निष्ठा और सेवा भाव की शपथ ली। छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। संस्थान के निदेशक राधा चरण सिंह ने नर्सिंग को समाज की अनिवार्यता बताते हुए कहा कि एक नर्स अपना पूरा जीवन मानवता के लिए समर्पित कर देती है। विकास हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. शिव प्रसाद सिंह ने भी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस गरिमामयी अवसर पर प्रिंसिपल अनूपा खलखो,अनुपमा सुरिन,प्रतिमा कुमारी, बेबी कुमारी, ऐलिस अट्टा,हनी कुमारी,डॉ. एपी सिंह,एसके तिवारी,असलम जावेद,सोनाली सिंह,पूजा कुमारी,इरशाद अंसारी,नाज़िश अंसारी,दिव्या कुमारी एवं संस्थान की समस्त छात्राएं उपस्थित थीं।
