ओरमांझी के हुटुप में सनसनी: तीन दिनों से लापता युवक का शव कुएं में मिला,जांच में जुटी पुलिस

360° Ek Sandesh Live

मेसरा/​ओरमांझी (रांची): ओरमांझी थाना क्षेत्र के हुटुप गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के ही एक पुराने घर की बारी स्थित कुएं से 21 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हुटुप निवासी प्यारेलाल महतो के पुत्र रामकुमार महतो के रूप में की गई है। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार,रामकुमार महतो बीते शनिवार से अचानक घर से लापता था। परिजन थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज नहीं कराए थे और अपने स्तर पर ही उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार को जब स्थानीय ग्रामीण मृतक के पुराने घर के पास से गुजर रहे थे,तब उनकी नजर बारी में स्थित कुएं पर पड़ी। कुएं के पानी में शव को उपलाते (तैरते) देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। शोर मचते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसके तुरंत बाद घटना की जानकारी ओरमांझी थाना पुलिस को दी गई। ​सूचना मिलते ही ओरमांझी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव का पंचनामा किया और उसे अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए रिम्स (रांची) भेज दिया। मामला संदिग्ध माना जा रहा है,पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों,चाहे वह दुर्घटना हो,आत्महत्या या हत्या का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।

Spread the love