पचपदरा रिफाइनरी में उद्घाटन से एक दिन पहले आग, मची अफरातफरी

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

बालाेतरा : राजस्थान के बालोतरा जिले स्थित पचपदरा रिफाइनरी के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रस्तावित उद्घाटन से ठीक एक दिन पहले बड़ा हादसा हो गया। सोमवार को रिफाइनरी की एक यूनिट में अचानक आग लग गई, जिससे पूरे परिसर में अफरातफरी मच गई। आग लगने के बाद आसमान में काले धुएं के गुबार उठते रहे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट में लगी। घटना के तुरंत बाद कर्मचारियों ने फायर सेफ्टी सिस्टम सक्रिय करते हुए आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। मौके पर कई दमकल वाहन पहुंचकर लगातार आग बुझाने में जुटे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर आग लगी है, वहां से महज 500 मीटर की दूरी पर प्रधानमंत्री की सभा प्रस्तावित है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर जिले की विभिन्न नगर पालिकाओं से फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया है। इस बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का शाम को रिफाइनरी पहुंचकर हालात और तैयारियों का जायजा लेने का कार्यक्रम है। घटना को लेकर सियासी प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इसे सरकार की गंभीर लापरवाही बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सभी की सलामती की कामना की है। भाजपा जिलाध्यक्ष भरत मोदी ने बताया कि रिफाइनरी के अंदर बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। बाहर से स्थिति फिलहाल नियंत्रण में नजर आ रही है और किसी जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन और दमकल विभाग आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटे हैं, जबकि सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में लगी हुई हैं।

Spread the love