पीएम मोदी बोले – बंगाल में रिकॉर्ड मतदान से होगा बदलाव, 29 अप्रैल को नई मिसाल कायम करने की अपील

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

हुगली : पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के हरिपाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्हाेंने तृणमूल कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला और भाजपा के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान की अपील की। ठाकुरनगर में पहली सभा के बाद मोदी हरिपाल पहुंचे, जहां राज्य भाजपा नेतृत्व ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में राजा राम मोहन राय तथा रामकृष्ण परमहंस जैसे बंगाल के महान व्यक्तित्वों को याद किया। उन्होंने कहा कि पहले चरण में मतदान का रिकॉर्ड टूटा है और 29 अप्रैल को होने वाले अगले चरण में इसे और आगे बढ़ाना चाहिए। राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए उन्हाेंने कहा कि “नवान्न से सरकार नहीं चलती, बल्कि तृणमूल के गुंडे और मस्तान शासन चला रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने जनता का भरोसा खो दिया है, जिसके कारण लोगों को बार-बार अदालतों का रुख करना पड़ रहा है।

शिक्षा घोटाले का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि तृणमूल के मंत्रियों ने हजारों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार संवेदनशील होती तो निष्पक्ष जांच कराती, लेकिन अदालतों को हस्तक्षेप करना पड़ा। उन्होंने पंचायत चुनाव 2023 का हवाला देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति इतनी खराब थी कि अदालत को केंद्रीय बलों की तैनाती का आदेश देना पड़ा। प्रधानमंत्री ने संदेशखाली और अन्य घटनाओं का उल्लेख करते हुए महिलाओं की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है और सत्ता में आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने जूट के न्यूनतम समर्थन मूल्य को दोगुना किया है और इसके उपयोग को बढ़ावा दिया है, जबकि तृणमूल सरकार उद्योगों को पनपने नहीं दे रही। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सिंडिकेट राज हावी है, जो किसानों से सस्ते में फसल खरीदकर महंगे दाम पर बेचता है। प्रधानमंत्री ने महिलाओं के लिए कई घोषणाएं करते हुए कहा कि 75 लाख महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जाएगी ताकि उनकी आय एक लाख रुपये सालाना से अधिक हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाएं 20 लाख रुपये तक का ऋण ले सकेंगी, जिसकी गारंटी सरकार देगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस का उल्लेख करते हुए लोगों से भाजपा को वोट देने की अपील की और कहा कि यह चुनाव “जंगलराज, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और घुसपैठ” से मुक्ति का अवसर है।

Spread the love