पूर्वी सिंहभूम : नाबालिग का शव बरामद, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

Crime

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम : परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा स्थित राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में शनिवार सुबह एक नाबालिग का शव पुलिस ने बरामद किया है। स्कूल परिसर में शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। नाबालिग की हालत और शव की स्थिति को देखकर स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि उसके साथ दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या की गई है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस मामले में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार स्कूल परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र की संचालिका सुलेखा शांडिल्य शनिवार सुबह केंद्र पहुंचीं। इसी दौरान उनकी नजर स्कूल परिसर में पड़ी एक नाबालिग पर गई, जो अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ी थी। पास जाकर देखने पर पता चला कि नाबालिग की मौत हो चुकी है। घटना से घबराई संचालिका ने तत्काल स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और परसुडीह थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस टीम ने स्कूल परिसर और उसके आसपास से कुछ अहम साक्ष्य भी जुटाए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किशोरी के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। इसी कारण ग्रामीणों के बीच दुष्कर्म और हत्या की चर्चा तेज हो गई। फिलहाल नाबालिग की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही किशोरी की तस्वीर और पहचान संबंधी जानकारी अन्य थानों को भी भेजी जा रही है, ताकि शव की शिनाख्त जल्द हो सके। थाना प्रभारी अविनाश कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Spread the love