प्रारूप मतदाता सूची एवं एएसडीडी सूची का ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगा प्रकाशन

360°

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के सोशल मीडिया हैंडल्स पर 5 अगस्त को 11 बजे से 1 बजे के बीच चलाया जाएगा #NewVoters हैशटैग अभियान

Eksandeshlive Desk

रांची : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम द्वारा बनने वाले मतदाता सूची को परमानेंट डॉक्यूमेंट के रूप में संरक्षित किया जाता है। जिस प्रकार विगत के एसआईआर वाले मतदाता सूची को सुपीरियर डॉक्यूमेंट के रूप में माना गया है, उसी प्रकार भविष्य में भी वर्तमान के एसआईआर से संबंधित डॉक्यूमेंट की महत्वता रहेगी। उन्होंने सभी पात्र भारतीय नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे वर्तमान एसआईआर में अवश्य भाग लें एवं अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य शामिल कराएं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 5 अगस्त 2026 को राज्य की प्रारूप मतदाता सूची तथा एएसडीडी सूची का प्रकाशन किया जाएगा। यह सूची सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आम नागरिकों के अवलोकन हेतु उपलब्ध रहेगी।

के. रवि कुमार ने कहा कि प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम, विवरण अथवा अन्य प्रविष्टियों का प्रत्येक मतदाता स्वयं अवलोकन कर सकते है। यदि राज्य के किसी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है, तो वह 5 अगस्त से जल्द से जल्द फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते है। उन्होंने कहा कि पात्र भारतीय नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के ECINET एप्लिकेशन को अवश्य डाउनलोड करें। इसके माध्यम से फॉर्म 6 सहित भरने, मतदाता सूची में सूचीबद्ध होने एवं अन्य जानकारियों को सहजता से जाना जा सकता है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी पात्र भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण अवश्य जाँचें तथा अपने परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों, मित्रों, सहकर्मियों एवं अन्य पात्र भारतीय नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार कराने के लिए जागरूक करें।

के. रवि कुमार ने कहा कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, झारखण्ड द्वारा 5 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक #NewVoters हैशटैग अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक पात्र युवाओं एवं नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी मतदाताओं, शैक्षणिक संस्थानों, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए 2, वोलेंटियर्स, बीएलओ सहित एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े सभी स्टेकहोल्डर से अपील की है कि वे 5 अगस्त को हैशटैग अभियान से जुड़े एवं 11 से 1 बजे के बीच निर्वाचन से जुड़े अपने फोटोज, वीडियो को #NewVoters के साथ अपने शोसल मीडिया हैंडल्स पर पोस्ट करें। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतंत्र की मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसलिए सभी पात्र भारतीय नागरिक समय पर अपने मतदाता संबंधी दायित्वों का निर्वहन करें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

Spread the love