Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली : दुनिया की दिग्गज ई-कॉमर्स और आईटी (सूचना प्रौद्योगिकी) कंपनी अमेजन ने 2030 तक भारत में कृत्रिम मेधा (एआई) एवं क्लाउड अवसंरचना के विस्तार के लिए अतिरिक्त 13 अरब अमेरिकी डॉलर निवेश करने की योजना का एलान किया है। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एंडी जेसी ने गुरुवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें ई-कॉमर्स कंपनी की 2030 तक भारत में कृत्रिम मेधा (एआई) एवं क्लाउड अवसंरचना के विस्तार के लिए अतिरिक्त 13 अरब अमेरिकी डॉलर निवेश करने की योजना के बारे अवगत कराया। एंडी जेसी ने ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में भारत के प्रति कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराई। जेसी ने लिखा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ भारत में अमेजन के भविष्य को लेकर हुई बैठक में मुझे बहुत अच्छा लगा। उन्होंने बताया कि इस नए निवेश से 2026 से 2030 के बीच भारत में अमेजन का कुल पूंजी निवेश 48 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच जाएगा। अमेजन के सीईओ ने आगे कहा कि हम एक दशक से ज्यादा समय से भारत में ग्राहकों, सेलर्स, डेवलपर्स, स्टार्टअप्स और कंपनियों की सेवा कर रहे हैं और अभी तो बस शुरुआत ही हुई है। मैंने बताया कि हम अगले पांच सालों में 48 अरब डॉलर का निवेश कर रहे हैं, जिसमें एआई और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर में 21 अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश शामिल है।
एंडी जेसी ने कहा कि 2023 तक हमारी योजना 38 लाख (3.8 मिलियन) नौकरियों को सपोर्ट करने, 80 अरब डॉलर के ई-कॉमर्स एक्सपोर्ट को बढ़ावा देने और 1.5 करोड़ (15 मिलियन) छोटे व्यवसायों और 40 लाख (4 मिलियन) सरकारी स्कूल के छात्रों तक एआई के फायदे पहुंचाने की है। उन्होंने कहा, “आगे जो होने वाला है, उसे लेकर मैं बहुत उत्साहित हूं। हम जो कुछ भी बना सकते हैं, उसके लिए अभी तो बस शुरुआत ही हुई है।” कंपनी ने एक बयान में कहा, “ अमेजन के सीईओ एंडी जेसी ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। जेसी ने भारत के प्रति अमेजन की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराई और 2030 तक देश में एआई तथा क्लाउड अवसंरचना के विस्तार के लिए अतिरिक्त 13 अरब अमेरिकी डॉलर निवेश की योजना की घोषणा की।’’ इसके साथ ही 2026-30 के बीच एआई और क्लाउड अवसंरचना के विस्तार तथा समर्थन के लिए अमेजन का कुल नियोजित निवेश 21 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक हो जाएगा। इससे कंपनी भारत में एआई और क्लाउड अवसंरचना में निवेश करने वाले सबसे बड़े वैश्विक निवेशकों में शामिल हो जाएगी। अमेजन ने कहा, ‘‘यह निवेश मुंबई और हैदराबाद में एडब्ल्यूएस (अमेजन वेब सर्विसेज) डेटा सेंटर क्षमता का विस्तार करेगा जिससे स्टार्टअप, उद्यमों तथा सरकारी संगठनों को विशेष एआई चिप, प्रबंधित एआई सेवाओं, सुरक्षित एवं भरोसेमंद क्लाउड प्रौद्योगिकियों तथा ‘डेवलपर टूल’ तक पहुंच मिलेगी। इससे वे तेजी से नवोन्मेष कर सकेंगे, शीघ्र विस्तार कर सकेंगे और वैश्विक स्तर पर ग्राहकों को सेवाएं दे सकेंगे।’’ इसके साथ ही 2010 से 2030 के बीच भारत में अमेजन का संचयी निवेश 88 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक हो जाएगा।
