प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने दी राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई नेताओं ने शुक्रवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्म दिवस के अवसर पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी।प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर कहा, ”लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।” ओम बिरला ने कहा कि ईश्वर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूं। खरगे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सबको साथ लेकर चलने, सामाजिक न्याय, सद्भाव और करुणा की परंपरा आपके सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व में झलकती है। ईश्वर आपको अच्छा स्वास्थ्य, खुशी, शक्ति और देश की सेवा में लंबी उम्र प्रदान करे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने कहा कि सच्चाई, निर्भीकता व साहस के पर्याय, कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं के नैतिक बल, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में एक बार फिर से लोकतंत्र मजबूत होगा। मैं ईश्वर से आपके स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं। कांग्रेस राज्यसभा सदस्य अभिषेक मनु सिंहवी ने कहा कि वर्षों से आपके साथ निकटता से काम करते हुए मैंने आपके भीतर एक ऐसे नेता को देखा है जो दृढ़ विश्वासों के साथ आगे बढ़ता है, लेकिन उतनी ही विनम्रता से लोगों की बात भी सुनता है। ईश्वर आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के पथ पर निरंतर सफलता प्रदान करें। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने राहुल गांधी के स्वस्थ, सफल और दीर्घ सार्वजनिक जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री विजय ने जारी अपने शुभकामना संदेश में कहा कि राहुल गांधी देश की प्रगति, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और समाज के सभी वर्गों के हितों के लिए निरंतर आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और अपने सभी प्रयासों में सफलता प्राप्त करें तथा सार्वजनिक जीवन में उत्कृष्ट सेवाएं देते रहें, यही उनकी शुभकामना है। उन्होंने राहुल गांधी को अपना प्रिय भाई बताते हुए जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी।

इस अवसर पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में राहुल गांधी के अच्छे स्वास्थ्य और सुखमय जीवन की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी। राजनीतिक गलियारों में राहुल गांधी के जन्मदिन को लेकर उत्साह का माहौल देखा गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) गठबंधन से अलग होकर तमिलगा वेट्री कड़गम (टीवीके) के साथ राजनीतिक गठबंधन किया था। इसके बाद गठित टीवीके सरकार के मंत्रिमंडल में कांग्रेस के दो नेताओं को भी स्थान दिया गया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राज्य की राजनीति में कांग्रेस और टीवीके के बीच बढ़ती निकटता भविष्य की चुनावी रणनीतियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Spread the love