पत्नी मायके गई तो पति ने दी जान

360° Ek Sandesh Live

BY MUSTAFFA

​चार साल के मासूम के सिर से उठा पिता का साया

​मेसरा (रांची): बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के मेसरा (ढीपा टोली) में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां रहने वाले नंदू मुंडा के 29 वर्षीय पुत्र अरुण मुंडा ने पत्नी से हुए मामूली विवाद के बाद गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे अपने ही घर में गमछी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक का चार साल का एक मासूम बच्चा भी है,जिसके सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया। ​ग्रामीण सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार,दो दिन पहले अरुण और उसकी पत्नी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर हल्की कहासूनी हुई थी। विवाद से नाराज होकर पत्नी बोकारो जिला स्थित अपने मायके चली गई थी। पत्नी के जाने के बाद से अरुण मानसिक तनाव में था। गुरुवार को उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही मेसरा ओपी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। इस पूरी घटना में एक बेहद चौंकाने वाला और भावुक पहलू भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले अरुण ने अपने छोटे भाई रवि मुंडा को फोन किया था। अरुण ने फोन पर कहा था,हम फांसी लगाने जा रहे हैं। लेकिन भाई रवि ने इस बात की गंभीरता को नहीं समझा। उसने सोचा कि अरुण मजाक कर रहा है और उसने बात को नजरअंदाज कर दिया। अगर उस वक्त भाई ने बात को गंभीरता से लिया होता,तो शायद आज अरुण की जान बचाई जा सकती थी। खबर लिखे जाने तक मृतक की पत्नी मायके से वापस अपने ससुराल नहीं पहुंची थी। वहीं,थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने कहा,प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या का प्रतीत होता है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के भाई को किए गए फोन कॉल और अन्य सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ​घटना पर जिला परिषद सदस्य संजय कुमार महतो,मुखिया साधो उरांव,पूर्व मुखिया गंगा करमाली,पूर्व पंचायत समिति सदस्य बबलू मुंडा,मदन महतो,युवा समाजसेवी संदीप कुमार,मुश्ताक अंसारी सहित अन्य लोगों ने गहरा दुख प्रकट किया है।

Spread the love