राज्यपाल ने कहा-बदलती जीवनशैली के कारण फैटी लिवर गंभीर स्वास्थ्य चुनौती, नियमित जांच, संतुलित खानपान और व्यायाम अपनाने की अपील
Eksandeshlive Desk
रांची: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को दरभंगा हाउस में आयोजित कार्यक्रम में ‘फैटी लिवर फ्री रांची अभियान’ का शुभारंभ किया। उन्होंने इसे जनस्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ को बधाई दी। साथ ही केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बाइलियरी साइंसेज (आईएलबीएस) के निदेशक डॉ. शिव कुमार सरीन के प्रति आभार जताया। अभियान को सीएसआर के तहत सहयोग देने के लिए कोल इंडिया लिमिटेड की भी सराहना की। राज्यपाल ने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण फैटी लिवर की समस्या तेजी से गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बन रही है। इस बीमारी के शुरुआती चरण में अक्सर स्पष्ट लक्षण सामने नहीं आते हैं, इसलिए समय पर जांच और चिकित्सकीय परामर्श बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से खानपान में सुधार करने, नियमित व्यायाम करने और वजन नियंत्रित रखने की अपील की। राज्यपाल ने कहा कि मोबाइल मेडिकल वैन के माध्यम से लोगों को शुरुआती जांच और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना अभियान की महत्वपूर्ण विशेषता है। स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र का आधार हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सेहत के प्रति जागरूक और सजग रहना चाहिए।
वीर बुली महतो की 241वीं जयंती पर सोनाहातू में एक दिसंबर को महोत्सव, राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि: कोल विद्रोह के महानायक वीर बुली महतो की 241वीं जयंती के अवसर पर एक दिसंबर को सोनाहातू में आयोजित महोत्सव में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में डुमरी विधायक जयराम महतो, साहित्यकार एवं पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो सहित कई प्रमुख अतिथि भी मौजूद रहेंगे। जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि महोत्सव के आयोजन को लेकर समिति के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रित किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। उन्होंने इसे पांच परगना क्षेत्र के लिए गौरव का अवसर बताया। देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि वीर बुली महतो का जन्म 27 नवंबर, 1785 को सोनाहातू प्रखंड के कोड़ाडीह गांव में हुआ था। उन्होंने ब्रिटिश शासन और शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें काला पानी की सजा देकर अंडमान की सेलुलर जेल भेजा गया था, जहां 14 जून, 1834 को उनका निधन हो गया। जयंती के अवसर पर 27 नवंबर को वीर बुली महतो चौक पर माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, एक दिसंबर को 12 किलोमीटर राष्ट्रीय युवा मैराथन, महिला कुर्सी दौड़, बोरा दौड़, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक लोकनृत्य का आयोजन होगा। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
