रामगढ़ सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष ने जताया शोक

Road Accident

Eksandeshlive Desk

रांची: झारखंड के रामगढ़ जिले में हुए सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मौत पर राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने शोक व्यक्त किया है। तीनों नेताओं ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने कुजू क्षेत्र में एनएच-33 पर हुए सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत को अत्यंत दुखद और मर्माहत करने वाला बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संदेश जारी कर अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही घायल व्यक्ति के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स पर लिखा कि रामगढ़ में पैंकी गांव के पास एनएच-33 पर हुई सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति उनकी गहरी शोक संवेदनाएं हैं। उन्होंने ईश्वर और मरांग बुरु से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन घड़ी में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची-पटना मुख्य मार्ग पर रामगढ़ जिले में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की असामयिक मृत्यु को अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक बताया। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Spread the love