राष्ट्रीय खेल : सावन बरवाल और संजीवनी जाधव ने 10,000 मीटर दौड़ में जीते स्वर्ण पदक

Sports

Eksandeshlive Desk

देहरादून : उत्तराखंड में चल रहे 38वें राष्ट्रीय खेलों के पहले दिन एथलेटिक्स स्पर्धाओं की धमाकेदार शुरुआत हुई। सुबह के सत्र में पुरुषों और महिलाओं की 10,000 मीटर दौड़ के फाइनल मुकाबले खेले गए, जिसमें एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया।हिमाचल प्रदेश के सावन बरवाल ने 10,000 मीटर दौड़ में 28:49.93 मिनट का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। महाराष्ट्र के किरन मात्रे (29:04.76 मिनट) ने रजत पदक जीता, जबकि मध्य प्रदेश के विनोद सिंह (29:43.60 मिनट) कांस्य पदक जीतने में सफल रहे।

महिला वर्ग में महाराष्ट्र की संजीवनी जाधव ने 33:33.47 मिनट में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उत्तराखंड की अंकिता (34:31.03 मिनट) ने रजत और उत्तराखंड की सोनिया (35:45.19 मिनट) ने कांस्य पदक जीता। शाम के सत्र में महिला वर्ग में डिस्कस थ्रो (1 किग्रा), पोल वॉल्ट, 100 मीटर दौड़ और 1500 मीटर दौड़, जबकि पुरुष वर्ग में लंबी कूद, 100 मीटर दौड़, डिस्कस थ्रो (2 किग्रा) और 1500 मीटर दौड़ के मुकाबले खेले जाएंगे। दर्शकों को कई दिग्गज खिलाड़ियों से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है। देश के शीर्ष एथलीटों की मौजूदगी से मुकाबले और भी रोमांचक होने की संभावना है।

उत्तराखंड की अंकिता और सोनिया ने जीते रजत और कांस्य पदक

उत्तराखंड की धाविकाओं ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 10,000 मीटर फाइनल में दो पदक अपने नाम किए। इस रोमांचक दौड़ में महाराष्ट्र की संजीवनी जाधव ने 33:33.47 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि उत्तराखंड की अंकिता ने 34:31.03 के समय के साथ रजत पदक और सोनिया ने 35:45.19 के समय के साथ कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। उत्तराखंड की इस सफलता ने राज्य की लॉन्ग डिस्टेंस दौड़ में बढ़ती ताकत को दर्शाया। अंकिता और सोनिया ने अपनी सहनशक्ति और दृढ़ता का परिचय देते हुए प्रदेश की खेल प्रतिभा को नई पहचान दिलाई।