राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय झारखंड दौरे पर, बीआईटी मेसरा के प्लेटिनम जुबली समारोह में होंगी शामिल

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय झारखंड दौरे पर शुक्रवार को रांची पहुंचीं। रांची एयरपोर्ट पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राजभवन पहुंचीं, जहां राज्यपाल समेत डीजीपी अनुराग गुप्ता, सिटी एसपी राजकुमार मेहता समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उनसे मुलाकात की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रात्रि विश्राम के लिए राजभवन में ठहरेंगी। उनकी सुरक्षा को लेकर राजधानी में विशेष इंतजाम किए गए हैं। राजभवन और उसके आसपास पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।

शनिवार को सुबह 11:00 बजे राष्ट्रपति का काफिला राजभवन से बीआईटी मेसरा पहुंचेगा, जहां वे बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी) मेसरा के प्लेटिनम जुबली समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस दौरान वे संस्थान के ऑडिटोरियम में आयोजित रिसर्च एग्जिबिशन कम डिस्प्ले का उद्घाटन भी करेंगी। कार्यक्रम के उपरांत वे सीधे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी। राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था के तहत राजधानी में नौ आईपीएस, 22 डीएसपी, 60 इंस्पेक्टर और 2,500 जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा, शुक्रवार को राजभवन से बीआईटी मेसरा तक सुरक्षा अभ्यास (कारकेड रिहर्सल) किया गया, जिसमें 30 से अधिक वाहन शामिल थे, जिनमें वार्निंग कार, एंबुलेंस, वज्रवाहन और फायर ब्रिगेड भी शामिल थे।

उपायुक्त ने राष्ट्रपति के कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, दिये कई निर्देश

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 15 फरवरी को बीआईटी मेसरा के बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (मेसरा) के प्लेटिनम जुबली समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम को लेकर, कार्यक्रम स्थल पर पुलिस पदाधिकारियों एवं जिला के वरीय पदाधिकारियों की शुक्रवार को संयुक्त बैठक करते हुए उन्हें कार्यक्रम को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सम्बंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। राष्ट्रपति के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे, सभी को सुरक्षा जांच होने के बाद ही ऑडिटोरियम में प्रवेश की अनुमति होगी। उपायुक्त ने सभी सम्बंधित पदाधिकारियों को सभी मानकों का सुनिश्चित रूप से पालन करने क़े निर्देश दिए। इस बैठक में जिला के सभी वरीय पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सम्बंधित सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।

Spread the love