जदयू कोटे से विजय चौधरी और विजेन्द्र प्रसाद यादव ने ली उपमुख्यमंत्री की शपथ
Eksandeshlive Desk
पटना : बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राजग विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी ने पद और गोपनियता की शपथ ली। पटना के लोकभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने उन्हें शपथ दिलाई। सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही बिहार में एक नए राजनीतिक दौर की शुरुआत हो गई है। उन्होंने राज्य में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उनके साथ ही जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कोटे से दो उपमुख्यमंत्री, विजय चौधरी और विजेन्द्र प्रसाद यादव को पद और गोपनियता की शपथ दिलाइ गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर सम्राट चौधरी को बधाई दी और उनके नेतृत्व में राज्य के सर्वांगीण विकास का विश्वास जताया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि सम्राट चौधरी की ऊर्जा, जनसेवा के प्रति समर्पण और जमीनी अनुभव बिहार के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में राज्य जनता की आकांक्षाओं को पूरा करते हुए नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा। प्रधानमंत्री ने बिहार के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को भी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं का व्यापक अनुभव और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता राज्य के विकास को नई दिशा और गति प्रदान करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि नई सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगी।
राजनीतिक जीवन और शिक्षा : सम्राट चौधरी का जन्म 16 नवंबर 1968 को मुंगेर के लखनपुर गांव में हुआ था। उनकी मां पार्वती देवी और पिता शकुनी चौधरी भी बिहारी राजनेता थे। अपनी बुनियादी शिक्षा पूरी करने के बाद, उन्होंने मदुरै कामराज विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की। चौधरी कोयरी-कुशवाहा जाति से ताल्लुक रखते हैं और वे भाजपा का ओबीसी चेहरा रहे हैं। चौधरी का विवाह ममता कुमारी से हुआ है। उनसे उन्हें एक बेटा और एक बेटी है। वह अपने उपनाम राकेश कुमार से भी जाने जाते है।सम्राट चौधरी ने 1990 में सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया और 19 मई 1999 को उन्होंने राबड़ी देवी की सरकार में कृषि मंत्री के रूप में शपथ ली। उन्होंने 2000 और 2010 में परबत्ता (विधानसभा क्षेत्र) से चुनाव लड़ा और विधायक चुने गए। उन्हें बिहार विधानसभा में विपक्षी दल का मुख्य सचेतक बनाया गया। 02 जून 2014 को, उन्होंने जीतन राम मांझी की सरकार में शहरी विकास और आवास विभाग के मंत्री के रूप में शपथ ली और पदभार संभाला। उन्होंने 2014 में जीतन राम मांझी मंत्रालय में शहरी विकास और आवास, स्वास्थ्य मंत्री और 1999 में राबड़ी देवी मंत्रालय में माप विज्ञान और बागवानी मंत्री के रूप में भी कार्य किया । 2018 में, उन्हें भाजपा की बिहार राज्य इकाई का उपाध्यक्ष बनाया गया था। वह 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान और प्रमुखता से उभरे, जब चौधरी को भाजपा के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के लिए एक स्टार प्रचारक बनाया गया था। हालांकि, वह लालू प्रसाद यादव के जाति समीकरण पर एक विवादास्पद बयान देने के बाद एक विवाद में भी उलझे थे। नीतीश कुमार की सरकार में वर्ष 2021 में सम्राट को भाजपा कोटे से विस्तारित मंत्रिमंडल में पंचायती राज मंत्री बनाया गया। मार्च 2021 में, उन्होंने बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा के साथ एक मजबूत बहस में उलझने के लिए राष्ट्रव्यापी ध्यान आकर्षित किया। अध्यक्ष अपने विभाग के कामकाज के संबंध में एक विधायक द्वारा उठाए गए सवाल पर उनका जवाब मांग रहे थे। बाद में उन्होंने सदन की मर्यादा के उल्लंघन के लिए अध्यक्ष से माफी मांगी। उनके नेतृत्व में पंचायती राज मंत्रालय ने बेहतर संगठनात्मक संरचना को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए जैसे कि स्वच्छता विभाग में अधिक कर्मचारियों की भर्ती के साथ-साथ आवारा जानवरों के मृत शवों के सुरक्षित निपटान का मार्ग प्रशस्त करना। उनके अधीन मंत्रालय ने अन्य मंत्रिस्तरीय विभागों के अंतर-विभाग समर्थन की भी योजना बनाई। मार्च 2023 में सम्राट चौधरी को संजय जयसवाल की जगह बिहार राज्य के लिए भारतीय जनता पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह कदम पार्टी नेतृत्व द्वारा कोयेरी या कुशवाहा जाति के मतदाताओं के बीच मजबूत नींव बनाने के लिए उठाया गया था, जो बिहार के कई जिलों में हावी है और राज्य में यादवों के बाद दूसरे सबसे बड़े जाति समूह के रूप में दर्ज है। भाजपा के राज्य प्रमुख के पद पर उनकी नियुक्ति के बाद, राबड़ी देवी ने टिप्पणी की, “ऐसा लगता है कि भाजपा ने बनियों से मुंह मोड़ लिया है और इसलिए उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए एक महतो को उठाया है। सम्राट चौधरी ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपनी नियुक्ति के बाद बिहार में भाजपा का नेतृत्व किया। कथित तौर पर, उन्होंने विभिन्न अवसरों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर मौखिक रूप से हमला भी किया। मई 2023 में, जब वे सासाराम में राम नवमी हिंसा में अपनी भूमिका के लिए जेल में बंद भाजपा के पांच बार के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद से मिलने की कोशिश कर रहे थे, तो उन्हें अधिकारियों ने रोक दिया। 3 मई 2023 को, प्रेस को दिए गए एक बयान में, चौधरी ने नीतीश कुमार पर अपराधियों को बढ़ावा देने और संतों को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
बिहार की जनता के विश्वास को सर्वोपरि रखते हुए विकास-समृद्धि के लिए पूरी निष्ठा से करेंगे कार्य : बिहार के 24वें मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सम्राट चौधरी ने सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक की और इसके बाद पहली बार मीडिया से रू-ब-रू हुए। उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य में विकास कार्य पूर्व की तरह ही जारी रहेंगे। मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि नई सरकार उसी रास्ते पर चलेगी, जिस पर पहले की सरकार काम कर रही थी। उन्होंने कहा कि बिहार में अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नीतीश कुमार के मॉडल के तहत विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। सम्राट चौधरी ने कहा, “बिहार की समृद्धि के लिए आज मुख्यमंत्री पद ग्रहण किया है और आज से ही काम शुरू कर दिया है। पूरी तरह निश्चिंत रहिए, बिहार में मोदी-नीतीश मॉडल ही लागू रहेगा।” मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा कि वे बिहार की जनता के विश्वास को सर्वोपरि रखते हुए विकास और समृद्धि के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने अपने संदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पू्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित राष्ट्रीय जमतांत्रिक गठबंधन (राजग) नेतृत्व का आभार जताया और कहा कि उनके मार्गदर्शन में वे सशक्त बिहार के निर्माण के लिए संकल्पित हैं। सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार के ट्वीट का जवाब देते हुए उन्हें मार्गदर्शक बतायाष उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को विकास, सुशासन और स्थिरता की मजबूत नींव मिली है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस विरासत को आगे बढ़ाया जाएगा।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह जिम्मेदारी सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और वे सभी के सहयोग से बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेंगे।
