By Mustaffa
मेसरा/ओरमांझी (रांची): ओरमांझी थाना क्षेत्र के ओरमांझी-कुच्चू मार्ग स्थित सिलदिरी पानी टंकी के समीप शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। अज्ञात वाहन की सीधी टक्कर से हेसातू निवासी अमित उरांव का दाहिना हाथ बांह के पास से कटकर अलग हो गया,जबकि उसका साथी उमेश बेदिया पैर टूटने से गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मिली जानकारी के अनुसार,दोनों दोस्त एक ही केटीएम बाइक पर सवार होकर गगारी पहाड़ सावन पूर्णिमा का मेला देखने गए थे। रात लगभग 10 बजे लौटने के दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस के सहयोग से दोनों को इरबा स्थित क्यूरेष्टा ग्लोबल हॉस्पिटल पहुंचाया। अमित की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है,जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद अमित का कटा हुआ हाथ मौके पर नहीं मिल सका। परिजनों व पुलिस ने शुक्रवार देर रात तक घटनास्थल के आसपास काफी खोजबीन की,लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार सुबह पुनः तलाशी अभियान चलाने पर दुर्घटनास्थल से लगभग 200 फीट दूर झाड़ियों से कटा हुआ हाथ बरामद किया गया। त्योहार के अवसर पर ससुराल से अपने भाई को राखी बांधने आई बहन को जैसे ही घटना की जानकारी मिली,वह बदहवास हो गई। जिस भाई की कलाई पर रक्षासूत्र सजाना था,उसी का हाथ कट जाने की खबर से घर में चीख-पुकार मच गई। इस दुखद घटना से पूरे गांव व क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। पुलिस मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।
