By Mustaffa
मेसरा (रांची): बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के ग्राम पंचायत नेवरी स्थित संत मदर टेरेसा उच्च विद्यालय में शनिवार को शिक्षक सम्मान समारोह सह पुस्तक विमोचन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष रामेश्वर ठाकुर,सचिव सरिता देवी एवं केराली पब्लिक स्कूल की निदेशक विजयलक्ष्मी ने डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन व मदर टेरेसा के चित्र पर माल्यार्पण और द्वीप प्रज्वलित कर किया। मंच संचालन शिक्षक निजामुद्दीन अंसारी ने किया। समारोह में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मन मोह लिया और अपने सभी शिक्षकों व प्रबंधन समिति के कर्मचारियों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक सह साहित्यकार डॉ अनंग मोहन मुखर्जी के दूसरे कहानी संग्रह पुस्तक कैक्टस का विमोचन हुआ। अध्यक्ष रामेश्वर ठाकुर ने कहा कि सच्चा साहित्यकार निष्पक्ष होकर समाज को नई राह दिखाता है और डॉ मुखर्जी ने कहानियों में जीवन के हर पहलू को मजबूती से पिरोया है। वहीं,सचिव सरिता देवी ने शिक्षकों को समाज का सच्चा शिल्पी बताते हुए कहा कि डॉ मुखर्जी जैसे बहुमुखी प्रतिभा व साहित्य साधना में लीन शिक्षक हमारे विद्यालय के सच्चे गौरव और प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम में शिक्षक सत्येंद्र कुमार,संजय कुमार,संगीता,सीमा सहित प्रबंधन समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
