रिपोर्ट : अजय राज
प्रतापपुर (चतरा): आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर प्रतापपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक पांडे एवं पुलिस अंचल निरीक्षक मंजू कुमारी ने की। वहीं, थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी और मिस्टर आलम अशरफी ने बैठक का संचालन किया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मुहर्रम आपसी एकता, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव का पर्व है। इसे शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।बैठक में निर्णय लिया गया कि मुहर्रम का जुलूस पूर्व निर्धारित एवं पारंपरिक मार्गों से ही निकाला जाएगा। किसी भी प्रकार से नए मार्ग अपनाने अथवा निर्धारित नियमों के उल्लंघन की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने या हुड़दंग मचाने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी तथा ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा न करें। सोशल मीडिया के माध्यम से शांति भंग करने की कोशिश करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि प्रतापपुर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मुहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाया जाएगा तथा सभी लोग मिलकर क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करेंगे।बैठक में पूर्व मंत्री प्रतिनिधि समाजसेवी भोला प्रसाद, युवा समाजसेवी सन्मुख यादव, युवा नेता मोती लाल पासवान, मुखिया संघ अध्यक्ष किशोर यादव, मुखिया पति रामजी पासवान, प्रेम कुमार, बीरेंद्र यादव, फिरोज आलम, राजद प्रखंड अध्यक्ष ख़ेदु यादव, खुर्शीद आलम, इस्तियाक खान सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, प्रबुद्ध नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
