धनबाद : जिले के राजगंज थाना क्षेत्र के गोविन्दाडीह गांव में गुरुवार को एक भीषण अगलगी की घटना सामने आई, जहां शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे में एक के बाद एक कई घर आग की चपेट में आ गए और लगभग 12 परिवारों का आशियाना जलकर राख हो गया।जानकारी के अनुसार गोविन्दाडीह गांव निवासी मजीद अंसारी के घर में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की भरसक कोशिश की, लेकिन भीषण आग के आगे उनकी एक न चली। घटना की सूचना तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई, लेकिन आरोप है कि सूचना के करीब चार घंटे बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची।दमकल के देर से पहुंचने पर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और अग्निशमन कर्मियों को लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि घरों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार काफी नीचे और खतरनाक स्थिति में थे, जिसकी शिकायत कई बार विभाग से की गई थी।लेकिन विभाग की अनदेखी का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ा। आग की इस घटना में कई परिवारों का सब कुछ जलकर खाक हो गया और लोग खुले आसमान के नीचे रहने को विवश हो गए हैं।स्थानीय ग्रामीण आली हुसैन ने कहा कि आग बहुत तेजी से फैली, हमलोगों ने बुझाने की कोशिश की लेकिन काबू नहीं कर पाए। वहीं, एक अन्य ग्रामीण शहबाज अंसारी ने बताया कि बिजली के तार को हटाने के लिए कई बार कहा गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।फिलहाल प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
