MUKESH KUMAR
गारू: प्रखंड क्षेत्र में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत शनिवार को विभिन्न पर्यटक स्थलों पर विशेष साफ-सफाई एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। प्रखंड के मिर्चैयाफॉल, सुगाबांध समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर प्रखंड की जलसहिया बहनों ने पहुंचकर साफ-सफाई की। अभियान का उद्देश्य पर्यटक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था।अभियान में धागरटोला, मारोमाड़, गोईंदी, करवाई, हेसाग, लूहुटांड़, लोहरगडा, दलदलीया, गारू, सुरकूमी समेत अन्य दर्जनों गांवों की जलसहिया शामिल हुईं। जलसहियाओं ने पर्यटक स्थलों के आसपास बिखरे कचरे को एकत्रित कर साफ-सफाई की तथा लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने की अपील की।
इस दौरान जलसहिया बहनों ने स्थानीय ग्रामीणों एवं पर्यटकों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि पर्यटन स्थलों की सुंदरता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। लोगों को अपने घरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को भी स्वच्छ रखने तथा कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए प्रेरित किया गया। जलसहियाओं ने कहा कि स्वच्छ वातावरण से बीमारियों की रोकथाम के साथ क्षेत्र की खूबसूरती भी बनी रहती है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान को ग्रामीणों ने भी सराहा और अपने आसपास नियमित रूप से साफ-सफाई रखने का संकल्प लिया।मौके पर जलसहिया सुषमा देवी, आरती देवी, किरण देवी, राजमणि देवी, अंजू देवी, प्रमिला देवी, तारामणि देवी समेत अन्य दर्जनों जलसहिया मौजूद थीं।
