टीएसपीसी का कमांडर गिरफ्तार, देसी रायफल बरामद

Crime

Eksandeshlive Desk

लातेहार: जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के बरवाटोली गांव में पुलिस ने छापेमारी कर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी’ (टीएसपी) के कमांडर रोहन गंझु को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर की तलाशी के दौरान एक देशी रायफल भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ लातेहार और चतरा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नक्सली हिंसा से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। मंगलवार को प्रेस वार्ता करते हुए डीएसपी उमेश प्रसाद सिंह ने बताया कि लातेहार एसपी कुमार गौरव को सूचना मिली थी कि टीएसपीसी का सक्रिय कमांडर रोहन गंझु अपने गांव बालूमाथ थाना क्षेत्र के बरवाटोली पहुंचा है।

सूचना की पुष्टि के बाद एसपी ने बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव कुमार सिन्हा के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया। पुलिस टीम ने बरवाटोली पहुंचकर आरोपी के घर को चारों तरफ से घेर लिया और उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जहां से एक देशी रायफल बरामद हुई। डीएसपी ने बताया कि रोहन गंझु पूर्व में कई उग्रवादी संगठनों से जुड़ा रहा है। उसके खिलाफ लातेहार जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नक्सली हिंसा के पांच से अधिक मामले दर्ज हैं। चतरा जिले में भी उसके खिलाफ कई मामले दर्ज होने की जानकारी है। उग्रवादी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी अनुभव कुमार सिन्हा, एसआई धीरज कुमार सिंह, देवेंद्र कुमार, मनोज कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Spread the love