MUSTFA
मेसरा (रांची): बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के ग्राम पंचायत मेसरा स्थित,मानव विकास संस्था द्वारा संचालित प्रेमचंद महतो इंटर कॉलेज एवं प्रेमचंद उच्च विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को तीन दिवसीय शहीद प्रमोद शमीम अंतर विद्यालय मेधा प्रतियोगिता का आगाज हुआ। 17 से 19 अगस्त तक आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन कांके पूर्वी की पूर्व जिला परिषद सदस्य शशिकला देवी ने द्वीप प्रज्वलित कर किया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि शशिकला देवी ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और शैक्षणिक प्रतियोगिताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान बच्चों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच मिलता है। विद्यालय के प्राचार्य उमेश यादव और उपेंद्र प्रसाद ने संयुक्त रूप से बताया कि इस आयोजन में कुल सात प्रकार की विभिन्न स्पर्धाएं रखी गई हैं। मध्य व उच्च वर्ग-बालक एवं बालिका फुटबॉल मैच, क्विज प्रतियोगिता,पेंटिंग तथा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता। प्राथमिक वर्ग-छोटे बच्चों के लिए बैलून दौड़, केला दौड़, जलेबी दौड़ और मेंढक दौड़ जैसी मनोरंजक स्पर्धाएं। प्रतियोगिता के पहले दिन छात्रों में काफी उत्साह देखा गया। 19 अगस्त को समापन के अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
