विभागीय परीक्षा केंद्र का आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण, निर्देशों के सख्त अनुपालन पर दिया जोर

360° Ek Sandesh Live

हजारीबाग : राजपत्रित पदाधिकारियों एवं अराजपत्रित कर्मचारियों की चल रही विभागीय परीक्षा का सोमवार को उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों को केंद्रीय परीक्षा समिति, राजस्व पर्षद झारखंड, रांची द्वारा जारी सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। केंद्रीय परीक्षा समिति, राजस्व पर्षद झारखंड के आदेशानुसार राजपत्रित पदाधिकारियों की द्वितीय अर्धवार्षिक विभागीय परीक्षा 2025, राजपत्रित एवं अराजपत्रित कर्मचारियों की द्वितीय अर्धवार्षिक जनजातीय भाषा परीक्षा 2025, राजपत्रित पदाधिकारियों की प्रथम अर्धवार्षिक विभागीय परीक्षा 2026 तथा राजपत्रित एवं अराजपत्रित कर्मचारियों की प्रथम अर्धवार्षिक जनजातीय भाषा परीक्षा 2026 का आयोजन जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, हजारीबाग में किया जा रहा है। आयुक्त ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा संचालन की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा से जुड़े अधिकारियों और कर्मियों को निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। राजस्व पर्षद झारखंड के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्र में सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।यह विभागीय परीक्षा 1 जून से 5 जून 2026 तक संचालित होगी। प्रतिदिन प्रथम पाली में राजपत्रित एवं अराजपत्रित कर्मचारियों की लिखित परीक्षा तथा द्वितीय पाली में राजपत्रित कर्मचारियों की जनजातीय भाषा की मौखिक परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा में लगभग 754 पदाधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हो रहे हैं। निरीक्षण के दौरान सहायक केंद्राधीक्षक सह आयुक्त के सचिव सहित परीक्षा संचालन से जुड़े कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Spread the love