MUSTFA
मेसरा (रांची): स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत विकास सेवा निकेतन, नेवरी विकास द्वारा बुधवार को एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि बीआईटी मेसरा ओपी थाना प्रभारी अजय कुमार दास,संस्थान के अध्यक्ष राम लखन मेहता, सचिव राधा चरण सिंह, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह एवं वरिष्ठ सदस्य सत्येंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर व हरी झंडी दिखाकर किया। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत के नारों के साथ नेवरी विकास बाज़ार टांड़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को स्वच्छता व नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया। मुख्य अतिथि थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने कहा, स्वच्छ और नशा मुक्त वातावरण ही एक स्वस्थ समाज का निर्माण करता है, इसके लिए पुलिस प्रशासन के साथ-साथ आम जनता की सक्रिय सहभागिता बेहद ज़रूरी है। सचिव राधा चरण सिंह ने कहा, स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि हमारी दैनिक आदतों का हिस्सा होना चाहिए। हमारा यह छोटा सा प्रयास समाज को बड़ी बीमारियों से बचा सकता है। वरिष्ठ सदस्य सत्येंद्र सिंह ने कहा, जब तक समाज का हर नागरिक स्वच्छता को अपना कर्तव्य नहीं समझेगा, तब तक स्वस्थ और सशक्त भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता। कार्यक्रम में डॉ एसपी सिंह, एसके तिवारी, कौशल कान्त वर्मा, फैजान अंसारी, डॉ मुकेश कुमार, अनूपा खलखो, अनुपमा सुरीन, इरशाद अंसारी, नाजिश अंसारी, दिव्या सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
