लोकसभा अध्यक्ष ने आईसीएआई की उत्तर भारत क्षेत्रीय परिषद के क्षेत्रीय सम्मेलन को संबोधित किया
Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली: लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को वित्तीय पारदर्शिता, जवाबदेही और जनविश्वास की नींव को सुदृढ़ करने में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की अहम भूमिका की सराहना की। साथ ही उन्होंने उनकी व्यावसायिक विशेषज्ञता तथा नैतिक प्रतिबद्धता को भारत की आर्थिक प्रगति का अभिन्न अंग बताया। ओम बिरला ने नई दिल्ली में भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (आईसीएआई) की उत्तरी क्षेत्रीय परिषद (एनआईआरसी) के क्षेत्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स वित्तीय पारदर्शिता, जवाबदेही और जनविश्वास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भागीदार हैं। उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को सुझाव दिया कि वे अपनी व्यावसायिक क्षमताओं को निरंतर सुदृढ़ करें, उभरती प्रौद्योगिकियों की परिवर्तनकारी क्षमता का लाभ उठाएं और विशेष रूप से तेजी से बदलते वैश्विक आर्थिक परिदृश्य में उद्यमों को सार्थक वित्तीय मार्गदर्शन प्रदान करें।
देश के आर्थिक और संस्थागत विकास में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के दूरगामी योगदान पर बल देते हुए बिरला ने कहा कि उनकी भूमिका लेखांकन, लेखापरीक्षा (ऑडिटिंग) और वित्तीय प्रबंधन के पारंपरिक आयामों से कहीं आगे तक विस्तृत है। अपनी सूझबूझ, व्यावसायिक सत्यनिष्ठा, रणनीतिक परामर्श और नेतृत्व के माध्यम से वे संस्थागत दक्षता बढ़ाने, निवेशकों का विश्वास सुदृढ़ करने और व्यवसायों तथा वित्तीय प्रणालियों की विश्वसनीयता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने प्रमुख उद्यमों के शीर्ष पदों सहित विश्व भर के संस्थानों में नेतृत्व के प्रतिष्ठित स्थान अर्जित किए हैं, जो भारत की व्यावसायिक प्रतिभा, दक्षता और प्रबंधकीय उत्कृष्टता की अंतरराष्ट्रीय पहचान को दर्शाता है। बिरला ने दशकों से व्यावसायिक उत्कृष्टता, अनुशासन, सत्यनिष्ठा और विश्वसनीयता की समृद्ध विरासत को संजोने के लिए आईसीएआई की सराहना की। 1949 में संसद के एक अधिनियम के तहत इस संस्थान की स्थापना का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसकी कठोर परीक्षा प्रणाली और दक्षता, नैतिक आचरण तथा व्यावसायिक मानकों पर इसके अटूट बल की प्रशंसा की। यह उल्लेख करते हुए कि उनकी सुपुत्री भी एक चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं, उन्होंने इस योग्यता को प्राप्त करने के लिए आवश्यक दृढ़ता, अनुशासन, बौद्धिक कठोरता और निरंतर प्रतिबद्धता की प्रसंशा की और कहा कि यह पेशा समर्पण और आजीवन सीखने की भावना का प्रतीक है।
