Ranchi: रिम्स ने फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर प्राप्त नामांकन के एक मामले में त्वरित एवं महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए वर्ष 2025 बैच के एमबीबीएस छात्र आशीष कुमार (पिता मंटू प्रसाद मंडल) का नामांकन तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। प्राप्त शिकायत के आलोक में रिम्स प्रबंधन द्वारा संबंधित अभिलेखों की सत्यता की जांच हेतु साहेबगंज के उपायुक्त को पत्र प्रेषित किया गया था। जिला प्रशासन द्वारा कराई गई जांच के उपरांत प्राप्त प्रतिवेदन में अनुसूचित जनजाति (एसटी) श्रेणी से संबंधित प्रस्तुत प्रमाणपत्र को फर्जी पाए जाने की पुष्टि की गई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर संस्थान द्वारा नियमानुसार छात्र का नामांकन निरस्त करने की कार्रवाई की गई।
रिम्स प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा फर्जी दस्तावेजों के उपयोग के प्रति संस्थान की जीरो टॉलरेंस नीति है। प्रवेश प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं वैधानिकता सुनिश्चित करना संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में नियमों के अनुरूप कठोर कार्रवाई की जाएगी।
