अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ वन विभाग की कार्रवाई
SUNIL KUMAR
साहिबगंज/बरहेट: वन क्षेत्र बरहेट के बिचकानी गांव के समीप वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से लकड़ी काटकर परिवहन किए जाने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 26 बोटा सेमल लकड़ी लदे एक बोलेरो पिकअप वाहन को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक वन विभाग की टीम को देखते ही वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बिचकानी गांव के रास्ते अवैध रूप से काटी गई सेमल की लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने शनिवार की रात करीब 11 बजे उक्त क्षेत्र में अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया। वनकर्मियों को देखते ही चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
वन विभाग की टीम ने वाहन की जांच की तो उसमें 26 बोटा सेमल की लकड़ी लदी मिली। वाहन पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। इसके बाद वनकर्मियों ने बोलेरो पिकअप और लकड़ी को जब्त कर विभागीय अभिरक्षा में ले लिया।
मामले को लेकर वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है। विभाग की टीम वाहन मालिक, चालक तथा अवैध कटाई और परिवहन में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। आरोपियों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है। कार्रवाई प्रधान वनरक्षी अमित कुमार के नेतृत्व में की गई। अभियान में वनकर्मी शेखर कुमार, भोला कुमार सहित अन्य वनकर्मी शामिल थे। वन विभाग ने कहा है कि वन क्षेत्र में अवैध पेड़ों की कटाई और लकड़ी के अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
