Eksandeshlive Desk
रांची: पंजाबी हिन्दू बिरादरी, दशहरा कमेटी-2026 की कार्यकारिणी की बैठक रविवार को पंजाबी भवन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता बिरादरी के अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने की। बैठक में इस वर्ष के दशहरा महोत्सव एवं रावण दहन कार्यक्रम को और अधिक भव्य, आकर्षक एवं दर्शनीय बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि अधर्म पर धर्म की जीत, शक्ति एवं समर्पण के प्रतीक के रूप में रावण दहन का आयोजन 20 अक्टूबर 2026 को मोहराबादी मैदान में भव्य रूप से किया जाएगा। दशहरा कमेटी के अनुसार इस बार रावण दहन समारोह में रावण दहन एवं श्रीराम की विजय को आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया जाएगा।
कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें श्री राम दरबार, श्रीराम जी की जीवंत मूर्ति तथा रावण वध की जीवंत झांकी प्रमुख आकर्षण होंगे। समिति ने बताया कि इस वर्ष आयोजन स्थल पर रावण एवं लंका की संरचना तथा सज्जा को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है, ताकि दर्शकों को पहले से अलग और नवीन अनुभव प्राप्त हो। आयोजन को अधिक प्रभावशाली एवं यादगार बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। कार्यक्रम में भव्य आकाशीय पायरो आतिशबाजी का भी आयोजन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी मुखर्जी फायरवर्क्स, कोलकाता को दी गई है। इसके अतिरिक्त इस वर्ष विशेष लेजर शो भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा। समिति का उद्देश्य रावण दहन कार्यक्रम को गरिमापूर्ण, मनोरंजक और यादगार स्वरूप प्रदान करना है। बैठक में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन की तैयारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया। बैठक में कुणाल अजमानी, राजेश मेहरा, सुधीर उंग्गल, राजेश खन्ना, आर.के. जुल्का, राहुल माकन, धीरज तनेजा, रवि पराशर, हैप्पी किंगर, देवेश अजमानी सहित बड़ी संख्या में बिरादरी के सदस्य उपस्थित थे।
