4 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर होगी बीएलओ-बीएलए-2 की पांचवीं बैठक

360° Ek Sandesh Live

लोहरदगा: उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना के निर्देश पर उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी श्री अमित कुमार की उपस्थिति में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत लोहरदगा जिले में अब तक हुई प्रगति की जानकारी दी गई। साथ ही, मतदाता सूची को त्रुटिरहित, शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की गई।बैठक में बताया गया कि पात्र भारतीय नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र के ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है, उन्हें मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक जागरूकता एवं सहयोग सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया। इसके अतिरिक्त, 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं का प्रपत्र-6 ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन जमा कराने के लिए भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि आगामी 4 नवंबर 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ-बीएलए-2 की पांचवीं बैठक आयोजित की जाएगी। इस संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया कि वे अपने-अपने संबंधित बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) को बैठक की जानकारी देते हुए उनकी सहभागिता सुनिश्चित कराएं, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जा सके। बैठक में समाज के विभिन्न कमजोर, वंचित एवं संवेदनशील वर्गों के पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए लगातार विशेष संपर्क अभियान चलाए जाने की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि यदि पीवीटीजी, दिव्यांगजन, बुजुर्ग, अनाथ, किन्नर अथवा अन्य वंचित वर्गों का कोई पात्र नागरिक मतदाता पंजीकरण में कठिनाई का सामना कर रहा हो, तो संबंधित व्यक्ति, परिवार या समूह की जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी कार्यालय अथवा संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान की जा सके।इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अब तक प्राप्त प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 एवं प्रपत्र-8 से संबंधित प्रगति की विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, आपत्ति करने एवं प्रविष्टियों में आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी साझा की गई।बैठक के अंत में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री संजय कुमार ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने और सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में सकारात्मक सहयोग प्रदान करें।बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि पशुपति नाथ पारस, प्रदीप विश्वकर्मा, मो. साहिद अहमद, बालमुकुन्द लोहरा, दिलमुनि कुजूर सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

Spread the love