9 अक्टूबर तक संकल्प सप्ताह का किया जाएगा आयोजन: उपायुक्त

360° Ek Sandesh Live Health States

Amit Ranjan

सिमडेगा: उपायुक्त सिमडेगा अजय कुमार सिंह ने नीति आयोग के द्वारा चयनित आकांक्षी प्रखंड बांसजोर पहुंचे। उपायुक्त ने आकांक्षी प्रखंड बांसजोर में संकल्प सप्ताह, सबकी आकांक्षाएं, सबका विकास के तहत संपूर्ण स्वास्थ्य – एक संकल्प कार्यक्रम अंतर्गत आयोजित आयुष्मान स्वास्थ्य मेला का फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।उपायुक्त ने कहा कि आकांक्षी ब्लाॅक कार्यक्रम के अंतर्गत जिला के बांसजोर प्रखंड में आज 3 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक “संकल्प सप्ताह” का आयोजन किया जाएगा। जिसका शुभारंभ 30 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारत मंडपम मैदान, नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से किया गया था। इसी क्रम में आज सिमडेगा जिला के आकांक्षी प्रखंड बांसजोर में इसका शुभारंभ किया गया। यह संकल्प सप्ताह कार्यक्रम के प्रथम दिन आज संपूर्ण स्वास्थ्य एक संकल्प का आयोजन किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से आयोजित आयुष्मान स्वास्थ्य मेला में आप सभी को नीति आयोग के इंडिकेटर्स के तहत टीकाकरण, एनीमिया जांच, टी.वी. जांच, ए.एन.सी.चेकअप, ब्लड जांच, शुगर जांच, आयुष्मान गोल्डन कार्ड का निर्माण सहित विभिन्न मुख्य बिंदुओं पर स्वास्थ्य परीक्षण कर स्वास्थ्य सेवा का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने हंस फाउंडेशन द्वारा संचालित मोबाइल वैन में लोगों को मुहैया कराए जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं का जानकारी लिया।
साथ ही सभी स्टॉल का निरीक्षण कर जायजा लिया। नीति आयोग के द्वारा निर्धारित सभी इंडिकेटर पर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने की दिशा में सिविल सर्जन डॉ अजीत खलखो को आवश्यक निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि पहले छह दिनों की थीम में ‘संपूर्ण स्वास्थ्य’, ‘सुपोषित परिवार’, ‘स्वच्छता’, ‘कृषि’, ‘शिक्षा’ और ‘समृद्धि दिवस’ शामिल हैं। 4 अक्टूबर को सुपोषित परिवार एवं पोषण खाने का आयोजन महिला बाल विकास विभाग द्वारा किया जाएगा। 5 अक्टूबर को स्वच्छता एक संकल्प के अंतर्गत बांसजोर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में साफ- सफाई का अभियान चलाया जाएगा। 6 अक्टूबर को कृषि विभाग द्वारा कृषि मेला, 7 अक्टूबर को शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षा एक संकल्प, 8 अक्टूबर को आजीविका मिशन के अंतर्गत समृद्धि दिवस एवं अंतिम दिवस 9 अक्टूबर को संकल्प सप्ताह समावेशी समारोह का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए ब्लॉक स्तर पर शासन में सुधार करना है तथा नीति आयोग द्वारा निर्धारित इंडिकेटर पर विकास का कार्य कर राज्य स्तर के औसत से अधिक वृद्धि करना है। इस कार्यक्रम में 40 इंडिकेटर्स निर्धारित किया गया है जिसमें सभी विभाग को मिलकर कार्य करते हुए आकांक्षी प्रखंड से बाहर निकलते हुए एक विकसित प्रखंड बनाना है। उपायुक्त ने प्रतिदिन आयोजित होने वाले कार्यक्रम का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने हेतु बांसजोर प्रखंड कार्यालय में बैठक कर प्रखंड विकास पदाधिकारी बांसजोर, प्रखंड विकास पदाधिकारी जलडेगा, अंचलाधिकारी, एडीएफ एवं पर्यवेक्षिका महिला को आवश्यक निर्देश दिया। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी बांसजोर नीतेश रोशन खालखो, प्रखंड विकास पदाधिकारी जलडेगा विजय राजेश बरला, अंचलाधिकारी समीर कच्छप, ए.डी.एफ. असीम सिन्हा, प्रखंड के कर्मीगण, जनप्रतिनिधि एवं अन्य उपस्थित थे।