मप्र के दतिया पहुंचे लालू यादव, बेटे तेजस्वी संग पीतांबरा पीठ में किए मां बगलामुखी के दर्शन

Religious

Eksandeshlive Desk

दतिया : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव रविवार काे दतिया पहुंचे। उनके साथ उनके बेटे और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी थे। एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद लालू यादव ने पीतांबरा पीठ पहुंचकर बेटे तेजस्वी संग मां बगलामुखी देवी का दर्शन किया। उन्होंने वनखंडेश्वर महादेव का अभिषेक भी किया।

व्हीलचेयर पर बैठकर लालू यादव ने मंदिर में किया प्रवेश

दतिया पहुंचे पूर्व सीएम लालू यादव और तेजस्वी यादव का हेलीपैड पर यादव समाज और कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती, पूर्व विधायक घनश्याम सहित कांग्रेस नेताओं ने स्वागत किया। इसके बाद दाेनाें हेलीपैड से सीधे पीतांबरा पीठ के लिए रवाना हुए। लालू यादव और तेजस्वी यादव ने मां पीतांबरा बगलामुखी देवी के दर्शन किए और वनखंडेश्वर महादेव का अभिषेक किया। लालू यादव खराब स्वास्थ्य के कारण मंदिर परिसर में पैदल नहीं चल पाए। लिहाजा उनके लिए व्हीलचेयर मंगवाई गई और उस पर बैठकर उन्होंने मंदिर में प्रवेश किया।

तेजस्वी यादव बोले-हम महराष्ट्र की हार की समीक्षा करेंगे

दर्शन के बाद लालू यादव ने मीडिया से बात नहीं की। लेकिन तेजस्वी यादव ने मीडियाकर्मियों से बातचीत मेंं कहा कि झारखंड में हमारे गठबंधन को सफलता मिली है। लेकिन महाराष्ट्र में हमारा गठबंधन हार गया है। इसकी वजह क्या है, हम बैठकर समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि बिहार में अगले साल 2025 में होने वाले चुनाव में हम जरूर जीत हासिल करेंगे।

Spread the love