राजस्थान में एलपीजी टैंकर को ट्रक ने टक्कर मारी, 7 लोग जिंदा जले, तीन दर्जन गाड़ियां आग की चपेट में आईं

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

जयपुर : जयपुर के अजमेर हाईवे पर शुक्रवार सुबह दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने बीपीसीएल के एलपीजी टैंकर को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद लगी भीषण आग में 7 लोग जिंदा जल गए, जबकि 34 लोग झुलस गए। अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक एसएमएस अस्पताल में प्रातः 11 बजे तक हादसे में घायल 34 लोग भर्ती हैं। इनमें 5 वेंटिलेटर पर हैं। सात लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।

चिकित्सा मंत्री के निर्देश पर अस्पताल में नवनिर्मित अत्याधुनिक वार्ड घायलों के उपचार के लिए डेडिकेट कर दिया है। साथ ही, कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। आग में झुलसने से अति गंभीर व्यक्तियों की पहचान एवं परिजनों की सहायता के लिए सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग से भी एक टीम नियोजित की गई है, जो आधार नंबर, थंब इंप्रेशन एवं अन्य सूचनाओं के आधार पर सहायता उपलब्ध करवा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें काफी ऊंची उठ रही थी। इसकी वजह से बड़ी संख्या में पक्षी भी जलकर मर गए। आग के कारण पूरे क्षेत्र में गैस फैल गई, जिससे करीब 5 घंटे तक लोगों को घुटन और आंखों में जलन का सामना करना पड़ा।

टैंकर के पीछे चल रही एक स्लीपर बस जलकर खाक हो गई। वहीं, एक पाइप फैक्ट्री में भी आग लगी है। घटना में तीन दर्जन से अधिक गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं। इनमें से कई गाड़ियों में बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके। धमाके और आग के कारण हाईवे बंद कर दिया गया। घटनास्थल पर एलपीजी गैस फैलने के कारण राहत कार्य में बाधा आ रही है। मौके पर पहुंची दमकल टीम को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। रेस्क्यू में लगे सदस्यों ने मास्क पहनकर अभियान चलाया।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर घटनास्थल और एसएमएस अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर राहत कार्यों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों के इलाज में कोई कसर न छोड़ी जाए। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी घायलों का हाल जानने एसएमएस अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा, “यह बहुत दर्दनाक स्थिति है। राजस्थान और पूरे देश को इससे सबक लेना चाहिए। किसी भी जरूरतमंद को मदद पहुंचाने के लिए हम सरकार के साथ खड़े हैं।”

जानकारी के अनुसार अजमेर से जयपुर की ओर आ रहा एलपीजी से भरा टैंकर सुबह करीब 5:44 बजे दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने यू-टर्न ले रहा था। इसी दौरान जयपुर से आ रहा एक ट्रक टैंकर से टकरा गया। टक्कर के कारण टैंकर के चार नोजल टूट गए, जिससे एलपीजी लीक होकर फैल गई और आग लग गई। गेल इंडिया के फायर एंड सेफ्टी डीजीएम सुखांत कुमार सिंह ने बताया कि बीपीसीएल का एलपीजी से भरा टैंकर जा रहा था, जिसे लोडेड कंटेनर ने आकर टक्कर मारी। इसके बाद टैंकर के चार नोजल टूट गए, जिससे लिक्विड रूप में एलपीजी फैल गई और आग पकड़ ली। क्योंकि जब टक्कर लगी तो स्पार्क हुआ है। प्रत्यक्षदर्शी मोहन लाल ने बताया कि हादसे के बाद सुबह 6 बजे तक धमाके होते रहे। सड़क पर जो भी गाड़ियां थीं, सभी जल गईं। आग इतनी भीषण थी कि हमें दूर भागना पड़ा। उनका भांजा हरिलाल भी इस हादसे में झुलस गया है। उसका एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है।” मेडिकल एजुकेशन के सचिव अंबरीश कुमार ने बताया कि अस्पताल में बड़ी संख्या में घायल लाए गए हैं। इनमें से कई मरीज 70 प्रतिशत तक झुलसे हुए हैं। उन्होंने कहा, “हम हर घायल को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। सभी के परिजनों को सूचित किया जा रहा है।” पुलिस ने भांकरोटा क्षेत्र में करीब दो किलोमीटर तक ट्रैफिक बंद कर दिया है। जली हुई गाड़ियों की पहचान और उन्हें हाईवे से हटाने का काम जारी है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एवं अशाेक गहलाेत और विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैस टैंकर में आग लगने की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, जयपुर में हुई सड़क दुर्घटना के कारण अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करती हूं। उनके परिवारजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं! मेरी प्रार्थना है कि घायल हुए लोग शीघ्र ही स्वस्थ हों। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से मृतकों की पुण्यात्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की। मुख्यमंत्री शर्मा ने लिखा कि जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैस टैंकर में आग लगने की घटना में नागरिकों के हताहत होने का दुःखद समाचार सुनकर मन अत्यंत व्यथित है। घटना की सूचना मिलते ही एसएमएस अस्पताल जाकर चिकित्सकों को तत्काल आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं घायलों की समुचित देखभाल के लिए निर्देशित किया। प्रशासन द्वारा बचाव कार्य निरंतर जारी है। स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाएं पूरी तत्परता से कार्यरत हैं। पूर्व मुख्यमंत्रवसुंधरा राजे ने कहा कि यह हादसा अत्यंत हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं और मैं इस कठिन घड़ी में ईश्वर से घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य-लाभ प्रदान करने की कामना करती हूं। पूर्व मुख्यमंत्री गहलाेत ने हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा कि जयपुर-अजमेर नेशनल हाई-वे पर पेट्रोल पंप एवं केमिकल टैंकर में आग लगने की घटना बेहद चिंतजानक है।

Spread the love