Eksandeshlive Desk
हजारीबाग : सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भारतीय राजनीति और आर्थिक क्षेत्र का स्तंभ बताया।
शुक्रवार को विधायक ने कहा, डॉ. मनमोहन सिंह का जीवन सादगी, निष्ठा और सेवा का अद्वितीय उदाहरण है। उनका योगदान न केवल भारत की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में था, बल्कि उन्होंने वैश्विक मंच पर भारत की साख को भी मजबूत किया। उनके नेतृत्व में देश ने उदारीकरण और आर्थिक सुधारों की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए।
डॉ. सिंह की सादगी, ईमानदारी और विद्वत्ता की प्रशंसा करते हुए विधायक ने कहा कि उन्होंने राजनीति में एक ऐसा मानदंड स्थापित किया जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी। उन्होंने कहा कि वे भारत के पहले ऐसे प्रधानमंत्री थे जो एक प्रख्यात अर्थशास्त्री भी थे। उन्होंने 1991 में भारत के आर्थिक सुधारों की शुरुआत की, जिसके तहत देश को वैश्विक अर्थव्यवस्था के साथ जोड़ा गया। उनकी विनम्रता, विद्वत्ता और दूरदर्शिता हमेशा याद रखी जाएगी।