कटकमदाग/हजारीबाग: थाना क्षेत्र अंतर्गत कूद-रेवाली गांव में करमा पर्व के बाद तालाब में डूबने से सत्येंद्र भुइयां की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि स्थानीय बच्चों ने सत्येंद्र भुइयां को तालाब में डूबते हुए देखा। बच्चों ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी प्रशासन को दी। मुखिया प्रतिनिधि धीरज कुमार ने प्रशासन को सूचना देते हुए मदद की अपील की। पुलिस व प्रशासन की टीम की मौजूदगी में ग्रामीणों ने तालाब में करीब दो से तीन घंटे तक खोजबीन की। कड़ी मशक्कत के बाद सत्येंद्र भुइयां का शव तालाब से बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। मुखिया प्रतिनिधि धीरज कुमार ने बताया कि सत्येंद्र भुइयां बेहद गरीब परिवार से आते थे व अपने पीछे पत्नी व तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता व मुआवजा देने की मांग की है। कटकमदाग अंचल अधिकारी सत्येंद्र कुमार पासवान ने कहा कि सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में तालाबों व पोखरों में पानी भर जाता है इसलिए आप आप सावधानी रखें व अपने परिवार सहित बच्चों को भी तालाबों के नजदीक जाने से रोकें।
