गिरिडीह में चोरी की एक बाइक के साथ दो गिरफ्तार

Crime

Eksandeshlive Desk

गिरिडीह : गिरिडीह शहर और इससे सटे थाना क्षेत्रों में बढ़ते बाइक चोरी के मामलो के बीच शुक्रवार को चोरी की एक बाइक के साथ दो चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एएसआई प्रमोद कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गयी है। बरामद बाइक झारखंड के नाम से रजिस्टर्ड हैं। गिरफ्तार आरोपितों में बिहार के पटना के शास्त्री नगर थाना के फ्रेजर रोड निवासी सुनील कुमार और पूर्णिया जिले के मरंगा थाना के गोवासी निवासी सागर सिन्हा शामिल है।

इस दौरान नगर थाना पुलिस ने दोनों के पास से स्मार्ट फोन भी जब्त किया। दोनों आरोपी फर्जी सीम कार्ड का इस्तेमाल कर बाइक चोरी की घटना को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में सागर सिन्हा और सुनील कुमार ने बताया कि उन दोनों का संबंध इंटर स्टेट बाइक चोर गिरोह से है। इसमें कुछ अपराधी गिरिडीह के भी लोग हैं जो अलग अलग जिले से जुड़े हैं। पूछताछ में दोनों खुलासा किया कि दोनों शहर के अलग अलग हिस्से से बाइक चोरी कर बिहार और झारखंड के कई जिलों में बेचा करते हैं। इसके लिए सिर्फ नंबर प्लेट बदला जाता था। पूछताछ में दोनों ने कबूला कि उनका काम सिर्फ रेकी कर बाइक चोरी करना था, बाकी रिसीवर की भूमिका में गिरोह के अन्य सदस्य शामिल है । इस बीच दोनों के निशानदेही पर नगर थाना पुलिस अब भी कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Spread the love