रिम्स में पुनर्मिलन-2026 का भव्य आयोजन, देश-विदेश से जुटे आरएमसीएच-रिम्स के पूर्ववर्ती चिकित्सक

360° Ek Sandesh Live

NEWS BY Sunil


रांची : रिम्स में वार्षिक एलुमनाई रीयूनियन पुनर्मिलन-2026 का आयोजन उत्साह, आत्मीयता और गौरवपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से आए पूर्ववर्ती चिकित्सकों ने अपने पुराने संस्थान में एकत्र होकर चिकित्सा शिक्षा से जुड़े अपने सुनहरे दिनों को याद किया और सहपाठियों, वरिष्ठ चिकित्सकों एवं शिक्षकों के साथ आत्मीय संवाद किया।
कार्यक्रम में वर्ष 1971 के प्रवेश बैच एवं वर्ष 1976 के पासिंग-आउट बैच के गोल्डन जुबिली चिकित्सकों तथा वर्ष 2001 के सिल्वर जुबिली बैच के पूर्ववर्ती विद्यार्थियों ने विशेष रूप से भाग लिया। दशकों बाद अपने पुराने परिसर में लौटे चिकित्सकों के लिए यह अवसर भावनात्मक और यादगार रहा।
इस अवसर पर रिम्स के निदेशक सहित संस्थान के वरिष्ठ चिकित्सक एवं पूर्ववर्ती शिक्षक भी उपस्थित रहे। वरिष्ठ चिकित्सकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। विभिन्न पीढ़ियों के चिकित्सकों के एक साथ मिलने से संस्थान की समृद्ध शैक्षणिक परंपरा, आपसी संबंधों और चिकित्सा सेवा के प्रति समर्पण की भावना पुन: जीवंत हो उठी। कार्यक्रम के दौरान एमबीबीएस के मेधावी विद्यार्थियों एवं टॉपर्स को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ एलुमनाई द्वारा युवा चिकित्सकों को प्रोत्साहित करना और उनके साथ अपने अनुभव साझा करना समारोह का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा। इससे विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्टता, नैतिकता एवं मानवीय संवेदनाओं के महत्व को समझने का अवसर मिला। अफफअ द्वारा वर्ष 2009 से आयोजित किया जा रहा पुनर्मिलन संस्थान के पूर्ववर्ती विद्यार्थियों को एक मंच पर जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। यह आयोजन न केवल पुरानी स्मृतियों को संजोने का अवसर प्रदान करता है, बल्कि पूर्ववर्ती एवं वर्तमान विद्यार्थियों के बीच संवाद, मार्गदर्शन और संस्थान के विकास में सहभागिता को भी प्रोत्साहित करता है। पुनर्मिलन-2026 ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि संस्थान से जुड़ा रिश्ता केवल शिक्षा प्राप्त करने तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह जीवनभर की आत्मीयता, सेवा भावना और गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। देश-विदेश में चिकित्सा सेवा दे रहे आरएमसीएच-रिम्स के पूर्ववर्ती चिकित्सकों का अपने संस्थान के प्रति यह जुड़ाव रिम्स की प्रतिष्ठा और उपलब्धियों को निरंतर नई ऊँचाइयों तक ले जाने की प्रेरणा देता है।

Spread the love