आशुतोष झा
काठमांडू: नेपाल के एक प्रमुख राजनीतिक दल जनमत पार्टी के आह्वान पर बुधवार को माइतीघर मंडला में हजारों मधेशी समुदाय के लोगों ने धोती धारण कर राष्ट्रीय पोशाक दिवस मनाया। इस कार्यक्रम में जनमत पार्टी के राष्ट्रीयअध्यक्ष डॉ• सी के राऊत, पूर्व मंत्री, साँसद तथा जनमत पार्टी के उपाध्यक्ष अब्दुल खान ने सम्मिलित लोगों को कहा कि राष्ट्रीय पोशाक दिवस के अवसर पर धोती-कुर्ता धारण करना गौरव की बात है।
अब्दूल खान ने कहा कि नेपाल में कई वेशभूषा, भाषाएं और जातियाँ हैं किन्तु यहीं विविधता नेपाल की संपत्ति है। उन्होंने यह भी कहा कि देश तभी अच्छा होगा जब सबका सम्मान किया जा सके। खान ने कहा कि राष्ट्रीय पोशाक दिवस को अपने-अपने मौलिक पहनावे के साथ मनाया जाना चाहिए और यह सर्वस्वीकार्य भी होना चाहिए। खान ने हजारों धोती-कुर्त्ता धारियों को कहा कि नेपाल एक विविधतापूर्ण देश है और यहां की कतिपय शक्तियों द्वारा एक भाषा थोपने का दुस्साहस किया गया। यह एक लंबा संघर्ष था।
गणतंत्र आने के बाद भी कहीं न कहीं यह पिछड़ी मानसिकता बरकरार है जो दुर्भाग्यपूर्ण है। पोशाक दिवस को जनमत पार्टी ने इसी विविधता और अनेकता में एकता को ध्यान में रखकर मनाया है। खान के अनुसार जनमत पार्टी ही सम्पूर्ण नेपाल के वासियों को पृथक-पृथक रूप से पहचान दिलाने वाला दल है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जनमत पार्टी ने पोशाक दिवस को पृथक पहचान दिलायी है।