केबल टीवी कंट्रोल रूम में कर्मचारी की संदिग्ध अवस्था में मौत, जांच में जुटी पुलिस

Crime

Eksandeshlive Desk

पश्चिम सिंहभूम : पश्चिम सिंहभूम जिले के मेघाहातुबुरु स्थित सेल क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गुरुवार सुबह केबल टीवी कंट्रोल रूम में एक कर्मचारी अरविंद कुमार शर्मा का शव संदिग्ध अवस्था में कुर्सी पर मिला। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है, वहीं पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मेघाहातुबुरु सेल क्षेत्र अंतर्गत सामुदायिक भवन परिसर में स्थित केबल टीवी कंट्रोल रूम में गुरुवार सुबह एक कर्मचारी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान अरविंद कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो कंट्रोल रूम में कार्यरत थे। वे कुर्सी पर टेबल के सहारे झुकी हुई अवस्था में मृत पाए गए।

घटना की जानकारी सबसे पहले सामुदायिक भवन के केयरटेकर को मिली, जो सुबह वहां पहुंचा था। कंट्रोल रूम का दरवाजा खुला देख उसने झांककर देखा तो अरविंद अचेत अवस्था में नजर आए। स्थिति संदिग्ध लगने पर उसने झामुमो प्रखंड महासचिव आलोक टोपनो और मजदूर नेता वीर सिंह मुंडा को सूचना दी। दोनों नेताओं ने तत्काल इस बात की जानकारी किरीबुरु थाना को दी। इसके बाद थाना प्रभारी रोहित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। अरविंद कुमार शर्मा ने बुधवार 18 जून की शाम सीने में हल्का दर्द होने की शिकायत की थी और अस्पताल जाकर जांच कराने की बात अपने साथियों से कही थी। हालांकि, वे सेल किरीबुरु अस्पताल गए थे या नहीं, इसकी पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दिल का दौरा पड़ने जैसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Spread the love