अंतरराष्ट्रीय महिला किसान दिवस पर कल्याणपुर में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

360°

रिपोर्ट -अजय राज
प्रतापपुर(चतरा): अंतरराष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर गुरुवार को प्रतापपुर प्रखंड के जोगीडीह पंचायत अंतर्गत ग्राम कल्याणपुर में कृषि उन्नति योजना के तहत जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती, मिट्टी की उर्वरता और फसलों को कीट एवं रोगों से बचाने के उपायों की जानकारी देकर कृषि कार्यों के प्रति जागरूक एवं सशक्त बनाना था।प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिला किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व, संतुलित मात्रा में उर्वरकों के प्रयोग तथा मिट्टी की जांच की आवश्यकता के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। किसानों को बताया गया कि मिट्टी की जांच के आधार पर आवश्यक पोषक तत्वों का उपयोग करने से भूमि की उर्वरता बनाए रखने के साथ-साथ फसल उत्पादन में भी सुधार किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त बीज उपचार की प्रक्रिया और उसके लाभों से अवगत कराते हुए फसलों को शुरूआती अवस्था में विभिन्न रोगों से सुरक्षित रखने के उपाय बताए गए। कार्यक्रम में सिंचाई की आधुनिक तकनीकों पर भी विशेष जोर दिया गया। महिला किसानों को ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली की उपयोगिता, इसके लाभ और पानी के बेहतर प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान खरीफ फसलों में लगने वाले प्रमुख कीटों एवं रोगों की पहचान, उनके प्रकोप के कारण तथा नियंत्रण के प्रभावी उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। किसानों को फसलों की नियमित निगरानी करने और समय रहते कीट एवं रोगों की रोकथाम के लिए उचित कदम उठाने के प्रति जागरूक किया गया।
अंतरराष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य कृषि क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना तथा उन्हें वैज्ञानिक एवं उन्नत कृषि पद्धतियों से जोड़ना रहा। प्रशिक्षण के माध्यम से महिला किसानों को कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त करने, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने और कृषि कार्यों में आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

Spread the love