दक्षिण पूर्व रेलवे केंद्रीय अस्पताल की पैथोलॉजी प्रयोगशाला को मिला नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लेबोरेटरीज से गुणवत्ता प्रमाणन

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

कोलकाता: दक्षिण पूर्व रेलवे केंद्रीय अस्पताल की पैथोलॉजी प्रयोगशाला को नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लेबोरेटरीज (NABL) से गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह प्रमाणन 22 नवंबर 2026 से 22 नवंबर 2030 तक की अवधि के लिए मान्य है। NABL, क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया का एक घटक बोर्ड है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त मानकों के आधार पर प्रयोगशालाओं का प्रत्यायन करता है। इसके माध्यम से प्रयोगशालाओं की तकनीकी दक्षता, जांच की सटीकता, विश्वसनीयता तथा गुणवत्ता सुनिश्चित की जाती है। NABL प्रत्यायन से प्रयोगशाला की जांच रिपोर्टों की विश्वसनीयता बढ़ती है तथा स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर गुणवत्ता सुधार को प्रोत्साहन मिलता है।

दक्षिण पूर्व रेलवे का चिकित्सा विभाग मंडलीय अस्पतालों में भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दे रहा है। इसी क्रम में मंडलीय रेलवे अस्पताल, चक्रधरपुर में 36-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन स्थापित कर 17.11.2026 को चालू की गई। इस सुविधा से रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के साथ-साथ चक्रधरपुर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाली आदिवासी आबादी को भी लाभ मिलेगा। दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा शालीमार रेलवे स्टेशन पर “स्वच्छ मन, स्वच्छ शरीर, स्वच्छ घर” नाम से अपनी तरह का पहला कार्यक्रम भी आयोजित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों, विशेषकर संविदा कर्मचारियों एवं स्टेशन कुलियों तक आवश्यक स्वास्थ्य एवं कल्याण संबंधी सेवाएं पहुंचाना है। इन कर्मचारियों को अक्सर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं निवारक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाने के सीमित अवसर मिलते हैं। इस कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य जांच, स्वस्थ जीवनशैली, व्यक्तिगत स्वच्छता, तनाव प्रबंधन की तकनीकों तथा स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया। “स्वच्छ मन, स्वच्छ शरीर, स्वच्छ घर अभियान दक्षिण पूर्व रेलवे के सभी मंडलों में निरंतर चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सभी के लिए बेहतर स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं कल्याण को बढ़ावा देना है। ये सभी पहल दक्षिण पूर्व रेलवे की समावेशी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, निवारक स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने तथा अपने कार्यबल के प्रत्येक सदस्य के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

Spread the love