Eksandeshlive Desk
बेंगलुरु: कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शनिवार को केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विधानसभा सत्र समाप्त होने तक राज्य को सूखा राहत राशि जारी नहीं की गई, तो दिसंबर में सत्र के बाद ‘दिल्ली चलो’ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। यहां विधानसौध के सम्मेलन सभागार संगम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिवकुमार ने आरोप लगाया कि राज्य में सूखे की स्थिति के बावजूद केंद्र सरकार ने अब तक कोई आर्थिक सहायता जारी नहीं की है। इस मुद्दे पर मंत्रिमंडल में चर्चा की गई है। राज्य सरकार राहत राशि हासिल करने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर राज्य सरकार उच्चतम न्यायालय का भी रुख करेगी। प्रधानमंत्री से सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को मुलाकात का समय देने का अनुरोध भी किया गया है।
परिसीमन विधेयक पर चर्चा के लिए दिल्ली रवाना होने की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि रविवार को केरल और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी। बैठक में उत्तर भारत के राज्यों में लोकसभा सीटों की संभावित वृद्धि और दक्षिण भारतीय राज्यों पर इसके प्रभावों के साथ परिसीमन के फायदे और नुकसान पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत के राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या कितनी बढ़ेगी और दक्षिण भारतीय राज्यों पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा, इस पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही परिसीमन के फायदे और नुकसान पर भी चर्चा होगी।शिवकुमार ने बताया कि इससे पहले द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (डीएमके) की ओर से बुलाई गई बैठक में भी उन्होंने भाग लिया था। उन्होंने आगे कहा कि महिला आरक्षण का हम समर्थन करते हैं, लेकिन निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन का विरोध करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार फैसले ले रही है। दक्षिण भारतीय राज्यों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और उनके हितों की रक्षा के लिए संघर्ष किया जाएगा।
डीके शिवकुमार ने कहा कि देश की प्रगति में दक्षिण भारतीय राज्यों का महत्वपूर्ण योगदान है। परिसीमन के कारण इन राज्यों का प्रतिनिधित्व प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाकर चर्चा करनी चाहिए थी। केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी के परिसीमन विधेयक का समर्थन करने संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए शिवकुमार ने कहा कि उन्हें बताना चाहिए कि अपने कार्यकाल में उन्होंने कन्नड़ लोगों और कर्नाटक के लिए क्या किया है। केवल बयान देने से कुछ हासिल नहीं होगा।
