अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस पर चलाया गया जागरूकता अभियान, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी ने कहा- बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का गंभीर उल्लंघन

360°

Eksandeshlive Desk

रांची: अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर सिंदुआर टोला ग्रामोदय विकास विद्यालय (एसजीवीवी), रांची द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला एवं विभिन्न प्रखंडों में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें भारत को 2030 तक बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प के साथ देश भर में चल रही इस मुहिम की गूंज रांची में भी सुनाई दी।बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के पहले अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर नागरिक समाज संगठन सिंदुआर टोला ग्रामोदय विकास विद्यालय रांची ने जिले में 23 जागरूकता और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए। बाल विवाह से बचाई गई लड़कियों, बाल विवाह रुकवाने में अहम भूमिका निभाने वाली महिलाओं और विभिन्न क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर बदलाव की वाहक बनी महिला नेतृत्व कर्ताओं की अगुवाई में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर बाल विवाह के खिलाफ एकजुटता दिखाई और इस अपराध को समाप्त करने का संकल्प लिया।

जिला स्तरीय कार्यशाला में जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी वेद प्रकाश तिवारी, बाल एवं कल्याण समिति, रांची के सदस्य अंशु माला, प्रतिज्ञा संस्था के सचिव अजय, स्पार्क संस्था से शमशाद सहित डीएलएस ए के सभी पीएलवी आशा दीदियों एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी ने बाल विवाह उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास, जनभागीदारी एवं जागरूकता की आवश्यकता पर जोर दिया। जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी वेद प्रकाश तिवारी ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। यह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सर्वांगीण विकास को प्रभावित करता है। बाल विवाह को समाप्त करने के लिए केवल प्रशासन का प्रयास पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति, अभिभावक, पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षक, सामाजिक संस्था एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते बाल विवाह को रोका जा सके। हमारा सामूहिक प्रयास होना चाहिए कि रांची जिले का प्रत्येक गांव और पंचायत बाल विवाह मुक्त बने।

बाल एवं कल्याण समिति, रांची के सदस्य अंशु माला ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के बचपन, स्वतंत्रता और उनके उज्ज्वल भविष्य को छीनने वाली एक गंभीर सामाजिक कुरीति है। विशेष रूप से बालिकाओं को बाल विवाह के कारण शिक्षा से वंचित होना पड़ता है तथा उन्हें शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बाल विवाह की आशंका या जानकारी मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते बच्चों को संरक्षण प्रदान किया जा सके। उन्होंने सभी से बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। इस मौके पर प्रतिज्ञा संस्था के सचिव अजय ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। केवल कानून बनाने से बाल विवाह समाप्त नहीं होगा, बल्कि इसके लिए जमीनी स्तर पर जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और व्यवहार में बदलाव लाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यालयों, युवाओं, महिला समूहों एवं सामाजिक संगठनों को मिलकर बाल विवाह के खिलाफ अभियान चलाना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को यह संकल्प लेना होगा कि न तो बाल विवाह करेंगे और न ही होने देंगे। तभी हम वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त कर सकेंगे।

इस अवसर पर मांडर प्रखंड में 10 गांव में एवं बेड़ो प्रखंड के 10 गांव में कुल 20 गांव में लगभग 1370 महिलाओं के साथ मिलकर मशाल जुलूस आयोजित किया गया दोनों प्रखंडों के सभी विद्यालयों में रंगोली बनाकर बाल विवाह मुक्त रांची बनाने का संकल्प लिया गया साथ में शपथ भी लिया गया। रंगोली निर्माण एवं बच्चों के बीच बाल विवाह विरोधी नारों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, महिलाओं एवं युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना तथा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प को मजबूत करना था। एसजीवीवी संस्था रांची ने आम नागरिकों, अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं सभी संबंधित विभागों से अपील की गई कि बाल विवाह रोकने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने में सहयोग करें।

Spread the love