रविवार को बुध विहार, अरगोड़ा में आयोजित होगा विशाल रक्तदान शिविर
Eksandeshlive Desk
रांची: मानवता की सेवा, परोपकार एवं निःस्वार्थ भाव से समाज कल्याण के उद्देश्य को लेकर संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा शनिवार को रांची में रक्तदान जागरूकता मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। आगामी रविवार, 29 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले विशाल रक्तदान शिविर के प्रति आम नागरिकों में जागरूकता फैलाने तथा अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से इस रैली का आयोजन किया गया। रैली में मिशन के श्रद्धालुओं एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाज को रक्तदान के महत्व का संदेश दिया।
रैली के माध्यम से लोगों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का एक महान मानवीय कार्य है। संत निरंकारी मिशन का प्रेरणादायक संदेश “रक्त नालियों में नहीं, नाड़ियों में बहे” मानवता के प्रति सेवा और संवेदनशीलता की भावना को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि कल रविवार को संत निरंकारी सत्संग भवन, बुध विहार, अरगोड़ा, रांची में प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन की ओर से सभी सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें और स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दें।
