Eksandeshlive Desk
रांची /पूर्वी सिंहभूम : झारखंड के कई जिलों में 25 जून तक बारिश के आसार हैं। यह जानकारी मौसम विभाग ने दी है। विभाग के अनुसार 21 जून राज्य के उत्तर-पश्चिमी एयर उत्तर-पूर्वी जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। 22 और 23 जून को राज्य के कुछ इलाकों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। 24 जून को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं 25 जून को राज्य के सभी इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
रांची में 153.3 मिमी बारिश : इधर, पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश रांची के कांके में 300.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं राजधानी रांची में 153.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। जमशेदपुर में 247.2, डालटेनगंज 107.4, बोकारो 38.6, चाईबासा में 123.3, खूंटी में 105, बहरागोड़ा में 237.5 लातेहार में 150 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बोकारो में 30.2 और सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया। वहीं शुक्रवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से रुक-रुक कर बारिश होती रही। भारी बारिश से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर महज दो डिग्री सेल्सियस रह गया है। रांची में अधिकतम तापमान 23.9 और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में 26 एयर 21.4, डालटेनगंज में 28.6 और 23.5, बोकारो में 28.1 और 24.5 तथा चाईबासा में अधिकतम तापमान 25.4 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जलजमाव बना मौत का कारण, लापरवाही की भेंट चढ़ी एक ज़िंदगी : लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मानगो इलाके में जलजमाव की समस्या एक हादसे का कारण बन गई। लापरवाही और उचित व्यवस्था के अभाव ने एक परिवार से उसका सदस्य छीन लिया। गुरुवार रात संजय वर्मा (40) की जलजमाव में डूबने से मौत हो गई। वे श्रीनाथ शेखर बिल्डिंग में गार्ड के रूप में कार्यरत थे और ड्यूटी से लौटते समय चाणक्यपुरी मार्ग से अपने घर जा रहे थे। रास्ते में बारिश का पानी जमा था, और अंधेरे में गहराई का अंदाज़ा न लग पाने के कारण वे उसमें गिरकर डूब गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकाला ,तब तक देर हो गई थी। उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर आज़ादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।
