झारखंड वुशू एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा सम्पन्न, प्रतियोगिताओं के आयोजन की तिथियां तय

Sports

Eksandeshlive Desk

रांची: राजधानी रांची स्थित सरला बिरला स्कूल (एसबीयू) के जीडी बिरला सभागार में मंगलवार को झारखंड वुशू एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा अध्यक्ष डॉ. प्रदीप वर्मा की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में आगामी सत्र की राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिताओं की तिथियां और आयोजन स्थल तय किए गए। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जूनियर राज्य वुशू प्रतियोगिता 3-4 अक्टूबर को सिल्ली, सीनियर राज्य वुशू प्रतियोगिता 31 अक्टूबर-1 नवंबर को देवघर तथा सब-जूनियर राज्य वुशू प्रतियोगिता 21-22 नवंबर को धनबाद में होगी। इन प्रतियोगिताओं में चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों की तैयारी के लिए प्रतियोगिताओं से पहले विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

आम सभा में पिछले सत्र की बैठक की कार्यवाही का अनुमोदन, ऑडिट रिपोर्ट, आगामी सत्र के बजट और संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की गई। राज्य के 16 में से सात जिलों में आयोजित अस्मिता वुमन लीग की प्रगति पर भी चर्चा हुई। अन्य जिलों में लीग का विस्तार कर अधिक महिला खिलाड़ियों को प्रतियोगिता का अवसर देने का निर्णय लिया गया। बैठक में नेशनल गवर्नेंस एक्ट और वुशू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अनुरूप तैयार झारखंड वुशू एसोसिएशन के बायलॉज को भी अनुमोदित किया गया। इस दौरान डॉ. प्रदीप वर्मा को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने पर संघ के पदाधिकारियों और विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। डॉ. वर्मा ने कहा कि संगठन की सफलता के लिए कर्तव्य और अधिकार में समन्वय जरूरी है। पदाधिकारियों को खिलाड़ियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। बैठक में डॉ. अंशु साहू, मनोज कुमार महतो, उदय साहू, शैलेन्द्र दुबे, गोकुलनंद मिश्रा, अभिषेक कुमार, प्रतिमा कुमारी, संजय जैन, विमला टोप्पो, राजकुमार जैन, रत्नेश कुमार, सुमित घोषाल और शिवेन्द्र दुबे समेत विभिन्न जिलों के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे।

Spread the love